रायपुर का माइनिंग कारोबारी गोयनका दिल्ली में गिरफ्तार… कटनी भाजपा विधायक की कोलकाता फैक्ट्री हड़पने का आरोप… बंगाल पुलिस ले गई
रायपुर के माइनिंग कारोबारी महेंद्र गोयनका को कोलकाता पुलिस ने 1000 करोड़ रुपए की कथित धोखाधड़ी के मामले में दिल्ली से गिरफ्तार किया है। गोयनका की करीब दो साल से फरारी के दौरान और अग्रिम जमानत याचिका निचली अदालत, हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट से खारिज हो चुकी थी। महेंद्र गोयनका पर मध्यप्रदेश के कटनी (विजयराघवगढ़) से बीजेपी विधायक संजय पाठक के परिवार की कोलकाता वाली कंपनी यूरो प्रतीक इस्पात इंडिया में फर्जी दस्तावेजों और जाली हस्ताक्षरों से कब्जा करने की कोशिश का केस लगा है।
पुलिस के अनुसार गोयनका ने अपनी पत्नी और अन्य के साथ मिलकर कथित तौर पर जाली दस्तावेजों का इस्तेमाल कर कंपनी के दो निदेशकों (डायरेक्टर्स) को हटा दिया और उनकी जगह चार नए लोगों को नियुक्त कर दिया। इसके अलावा, कंपनी के माल की अवैध बिक्री और वित्तीय हेराफेरी के जरिए करोड़ों रुपये का नुकसान पहुंचाने का आरोप भी है। कोलकाता पुलिस ने इस मामले में धारा 420 (धोखाधड़ी), 120-बी (आपराधिक साजिश), 467, 468 और 471 (जालसाजी) के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज की थी। गिरफ्तारी के बाद कोलकाता की अदालत ने गोयनका को पुलिस रिमांड पर भेज दिया था और उनकी जमानत याचिकाएं खारिज कर दी गईं। इसके अलावा मध्य प्रदेश के कटनी में भी गोयनका के खिलाफ धोखाधड़ी के दो अलग मामले दर्ज हैं।



