देश-विदेश

दिल्ली में “वोट चोरी” के खिलाफ कांग्रेस-सहयोगियों की 1 नवंबर को महारैली… छत्तीसगढ़ से प्रमुख नेता, सैकड़ों कार्यकर्ता पहुंचे… 15 हजार जवान तैनात

राजधानी दिल्ली के रामलीला मैदान में कल 1 नवंबर रविवार को कांग्रेस और विपक्षी ‘INDIA’ गठबंधन की एक बड़ी महारैली होगी। यह प्रदर्शन वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित गड़बड़ियों और “वोट चोरी” के खिलाफ किया जा रहा है। विपक्ष इस रैली के जरिए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी उठाएगा। रैली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव, उद्धव ठाकरे और झारखंड सीएम हेमंत सोरेन शामिल होंगे। छत्तीसगढ़ से भूपेश बघेल, दीपक बैज, डॉ चरणदास महंत और टीएस सिंहदेव समेत अधिकांश प्रमुख नेता दिल्ली पहुंच गए हैं और दावा किया जा रहा है कि प्रदेश से करीब 10 हजार कार्यकर्ता और युवा इस रैली में शामिल होंगे।

इस महारैली को विपक्ष के बड़े शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है, जिसमें देश भर से लाखों लोगों के जुटने का दावा है। राहुल गांधी ने देश के विभिन्न छात्र संगठनों, युवाओं, किसानों और कामगारों को भी इस ‘चलो दिल्ली’ मार्च में शामिल होने का खुला आमंत्रण दिया है। कांग्रेसी नेताओं के मुताबिक दोपहर 12 बजे मिंटो रोड-कनॉट प्लेस जंक्शन से रामलीला मैदान तक एक मार्च भी निकाला जाएगा।

दिल्ली पुलिस ने रामलीला मैदान और आसपास 15 हजार अफसर-जवान तैनात किए है। पुलिस ने इस रैली के आयोजन के लिए सख्त शर्तों के साथ अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) जारी किया है। पुलिस कमिश्नर ने खुद सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया है। रामलीला मैदान और मुख्य रास्तों की निगरानी के लिए 200 से 250 हाई-डेफिनिशन (HD) सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। साथ ही, पुलिस एक अस्थायी कंटेनर-कंट्रोल रूम से लाइव मॉनिटरिंग कर रही है और चेहरा पहचानने वाले (AI Face Scanning) कैमरों व बॉडी-वर्न कैमरों का इस्तेमाल भी किया जा रहा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button