भीषण सड़क हादसा : सिमगा के पास फ़ास्ट लेन पर खड़े ट्रक से अंधेरे में टकराई बस… ड्राइवर-हेल्पर समेत 3 की मौत, 7 घायल
राजधानी रायपुर के करीब सिमगा इलाके में आज सोमवार, 26 अक्टूबर को हुए भीषण सड़क हादसे में 3 लोगों की मृत्यु हो गई और 7 लोग घायल हुए हैं। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है। हादसा रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर फ़ास्ट लेन में अंधेरे में खड़े ट्रक से पीछे से आई बस की जोरदार टक्कर के कारण हुआ। बोलांगीर से रायपुर आ रही बस CG04 NM 0859 इस हादसे में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और शव तथा घायलों को निकालने के लिए गैस कटर का इस्तेमाल करना पड़ गया।
पुलिस के मुताबिक हादसे में बस ड्राइवर भागीरथी यादव (37 वर्ष, निवासी जशपुर), हेल्पर पवन देवांगन (24 वर्ष, निवासी बलरामपुर) और एक यात्री समीम मोहम्मद (39 वर्ष, निवासी बलरामपुर) ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के वक्त बस में 22 यात्री सवार थे। सभी घायलों को तुरंत सिमगा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जिनमें से गंभीर रूप से घायल 7 यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।



