नेपाल बाढ़ त्रासदी में छत्तीसगढ़ के 2 लोग अब तक लापता… रायपुर के पांच वापस लौट रहे, दो और का फ़ोन से संपर्क
नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन से बने गंभीर हालात के बीच छत्तीसगढ़ सरकार ने सीएम विष्णुदेव साय के निर्देश पर वहां गए प्रदेश के नागरिकों की तलाश तेज कर दी है। अब तक सामने आई जानकारी के मुताबिक प्रदेश के 9 नागरिकों की स्थिति का पता चला है। इनमें 2 के परिजनों से संपर्क स्थापित हो चुका है। रायपुर के 5 नागरिक सुरक्षित हैं और वापस हो रहे हैं। जबकि बिलासपुर और सुरगुजा से जुड़े 2 नागरिकों के लापता होने की सूचना है।
रायपुर प्रशासन ने नेपाल गए लोगों के संबंध में हेल्पलाइन टोल फ्री नंबर 1071 और कंट्रोल रूम 0771-2223471 के ज़रिए कोआर्डिनेशन तेज कर दिया है। रायपुर में महादेव घाट निवासी मोनिका यादव 22 अगस्त को नेपाल गई थीं। प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार मोनिका यादव के परिजनों से संपर्क स्थापित हो गया है। बिलासपुर की 65 वर्षीय मंजू राय चौधरी कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए नेपाल गई थीं। उनके परिजनों से संपर्क स्थापित हो गया है। बिलासपुर निवासी 39 वर्षीय प्रियंका चौधरी के नेपाल में लापता होने की सूचना है। वे फिनलैंड की नागरिक हैं। परिजनों से प्राप्त जानकारी के आधार पर प्रशासन संबंधित एजेंसियों के संपर्क में है और उनकी सुरक्षित तलाश के प्रयास जारी हैं। इसी तरहसरगुजा निवासी डॉ. मीना गुप्ता, जो ब्रिटेन की नागरिक हैं, उनके भी नेपाल में लापता होने की सूचना हैं। उनका अंतिम ज्ञात स्थान रसुवागढ़ी इमिग्रेशन कार्यालय, नेपाल-चीन सीमा बताया गया है। उनकी स्थिति की जानकारी जुटाने के लिए संबंधित अधिकारियों से समन्वय किया जा रहा है।
रायपुर से नेपाल गए माना क्षेत्र के दिनेश ओझा, प्रेम सिंह जगत, नारायण सेन, यतेंद्र प्रकाशी और दिनेश सिंह ठाकुर के सुरक्षित होने की पुष्टि हुई है। पांचों नागरिक 21 अगस्त को नेपाल गए थे और अब रायपुर लौटने के लिए रवाना हो चुके हैं।
आपदा के बीच राज्य सरकार नेपाल में मौजूद छत्तीसगढ़ के नागरिकों की जानकारी जुटाने के साथ उनके परिजनों को भी आवश्यक सहयोग उपलब्ध करा रही है। जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के माध्यम से सूचनाओं का लगातार आदान-प्रदान किया जा रहा है। सरकार नेपाल प्रशासन और केंद्रीय एजेंसियों के साथ भी समन्वय बनाए हुए है। राज्य सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि नेपाल गए छत्तीसगढ़ के किसी नागरिक के संबंध में कोई जानकारी मिलने पर तत्काल प्रशासन को सूचित करें।



