आज की खबर
अब चलेगा सुशासन चक्र : लोगों की शिकायतें दूर करने सीएम साय ने 42 विभागों के 8 हजार अफसर लगाए… पारदर्शी सिस्टम के लिए सीएम हेल्पलाइन 1076 शुरू
छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय ने राज्य में सुशासन और पारदर्शी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सीएम हेल्पलाइन (CM Helpline – 1076) सेवा की शुरुआत की है। इस व्यवस्था के तहत प्रदेश के 42 सरकारी विभागों के लगभग 8 हजार अधिकारियों (अफसरों) को सीधे तौर पर आम जनता की जनशिकायतों के त्वरित और समयबद्ध निराकरण की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इस बारे में द स्तम्भ को मिली जानकारी के अनुसार किसी भी समय सरकारी योजनाओं या प्रशासनिक कार्यों से जुड़ी अपनी समस्याएं और सुझाव कई माध्यमों से सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंचा सकते हैं। इनमें टोल-फ्री नंबर: 1076 ( चौबीसों घंटे (24×7), स्मार्टफोन ऐप यानी CM Helpline’ मोबाइल एप्लिकेशन और सरकार का ऑनलाइन शिकायत पोर्टल शामिल हैं। हेल्पडेस्क पर शिकायत दर्ज होते ही नागरिक को एक यूनिक आईडी (Unique ID) दी जाएगी, जिससे वे घर बैठे अपनी शिकायत की वास्तविक स्थिति को ट्रैक कर सकेंगे।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य जनता और सरकार के बीच की दूरी को मिटाना है ताकि आम नागरिकों को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के लिए बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें। मुख्य सचिव और मुख्यमंत्री कार्यालय से सभी 42 विभागों के 8,000 अफसरों की सीधी मॉनिटरिंग होगी। तय समय सीमा के भीतर निराकरण न करने वाले अधिकारियों पर कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। यदि कोई नागरिक अपनी शिकायत के समाधान या अधिकारी के जवाब से असंतुष्ट रहता है, तो उसे शिकायत को री-ओपन (पुनः समीक्षा) कराने का अधिकार दिया गया है।



