रायपुर संभाग- मुकेश बंसल, बिलासपुर- पी दयानंद, सरगुजा-रजत बंसल, बस्तर- राहुल भगत और दुर्ग का सुपरविजन करेंगे प्रभात मलिक… सीएम के प्रधान सचिव सुबोध सिंह का नया मॉनिटरिंग सिस्टम


छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव सुबोध कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री सचिवालय की व्यवस्था और अफसरों की जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए बड़ा प्रशासनिक सुधार किया है। यह छत्तीसगढ़ में पहली बार होगा कि सीएम सचिवालय के सचिव और विशेष सचिव स्तर के आईएएस अफसर अब सीधे प्रदेश के पांचों संभागों और जिलों के घटनाक्रम और प्रशासनिक व्यवस्था का सुपरविजन करेंगे।
प्रधान सचिव सुबोध सिंह ने पहली बार सीएम सचिवालय के अफसरों का व्यापक और स्पष्ट कार्य विभाजन भी किया है। यह सीएम सचिवालय की आंतरिक व्यवस्था है, लेकिन इसमें किए गए कुछ सुधारों का इंपैक्ट एक-दो दिन में ही फील्ड पर भी नज़र आने लगेगा। इन्ही में सबसे अहम है संभाग-ज़िलों की मॉनिटरिंग के लिए सचिव और विशेष सचिव स्तर के अफसरों को जिम्मेदारी का आवंटन। नई व्यवस्था के मुताबिक रायपुर संभाग के सुपरविजन का जिम्मा आईएएस मुकेश बंसल, बिलासपुर के लिए आईएएस पी दयानंद, सरगुजा के लिए आईएएस रजत बंसल, दुर्ग के लिए आईएएस प्रभात मलिक और बस्तर संभाग के लिए सुपरविजन की ज़िम्मेदारी आईपीएस राहुल भगत को सौंपी गई है। आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि संबंधित संभागों में शासन की योजनाएं, प्रशासनिक व्यवस्थाएं, महत्वपूर्ण घटनाक्रम और आपात स्थिति की समीक्षा तथा सुपरविजन सीएम सचिवालय के संबंधित अफसर डायरेक्ट ही करेंगे।



