पीएससी स्कैम : सीबीआई का पूर्व सचिव जेके ध्रुव पर फिर छापा… पूर्व IAS के भिलाई निवास समेत दो ठिकानों पर चल रही जांच
छत्तीसगढ़ लोकसेवा आयोग (CGPSC) की जांच कर रहे केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने आज 3 मई को बड़ी कार्रवाई की है। सीबीआई की टीम ने आज सुबह लोक सेवा आयोग के पूर्व सचिव और रिटायर्ड आईएएस अधिकारी जेके ध्रुव (जीवन किशोर ध्रुव) के भिलाई स्थित निवास पर छापा मारा है। सीबीआई के अधिकारी आज सुबह दो इनोवा गाड़ियों से ध्रुव के सेक्टर-10 स्थित निवास पर पहुंचे। टीम घर के भीतर मौजूद है और भर्ती परीक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेजों और डिजिटल सबूतों को खंगाल रही है। पूर्व सचिव से संबंधित एक और परिसर में जांच की सूचना है लेकिन अभी पुष्टि नहीं हुई है।
इस स्कैम में सीबीआई पहले भी ध्रुव के ठिकानों पर छापेमारी और गिरफ्तारी की कार्रवाई कर चुकी है। इस मामले में चार्जशीट भी दाखिल की जा चुकी है। आज की यह कार्रवाई केस में नए सबूत जुटाने और वित्तीय लेन-देन की कड़ियों को जोड़ने के उद्देश्य से की जा रही है, ऐसा सूत्रों का कहना है।
पीएससी स्कैम वर्ष 2020 से 2022 के बीच आयोजित हुई सीजीपीएससी परीक्षाओं में हुई भारी अनियमितताओं से जुड़ा है। आरोप है कि जे.के. ध्रुव और आयोग के पूर्व अध्यक्ष टामन सिंह सोनवानी ने पद का दुरुपयोग करते हुए अपने अयोग्य बेटों, बेटियों और करीबियों को डिप्टी कलेक्टर और डीएसपी जैसे उच्च पदों पर चयनित करवाया। पूर्व सचिव ध्रुव पर आरोप है कि उन्होंने नियमों को ताक पर रखकर अपने बेटे सुमित ध्रुव का चयन डिप्टी कलेक्टर पद पर करवाया था।



