IPL Raipur : आरसीबी की ऑफिशियल साइट पर कल से टिकट… इसी माह राजधानी में होने हैं दो बड़े मुकाबले
रायपुर के वीर नारायणसिंह क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले दो आईपीएल मैचेस के लिए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने अपने प्रशंसकों को सोशल मीडिया पर सूचित किया है कि कल से यहां के मुकाबलों के लिए टिकट बिक्री शुरू होने जा रही है। आरसीबी ने रायपुर को अपना “Home far away from Home” घोषित कर दिया है। टीम ने अपने संदेश में “नमस्कार रायपुर” के साथ छत्तीसगढ़ की जनता का अभिवादन किया है। लंबे समय बाद रायपुर के अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में आईपीएल की धमक सुनाई देगी, वह भी दो बड़े मैचों के साथ। आरसीबी के साथ यहाँ मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाईटराइडर्स का मुकाबला होना है।
टिकट बुकिंग की पूरी जानकारी
RCB मैनेजमेंट ने स्पष्ट किया है कि मैचों के लिए टिकट आधिकारिक वेबसाइट (shop.royalchallengers.com) और उनके App पर ही उपलब्ध होंगे। प्रशंसकों को सलाह दी गई है कि वे किसी भी अन्य अनाधिकृत वेबसाइट या ऐप से टिकट न खरीदें, क्योंकि वहां धोखाधड़ी की संभावना अधिक है। रायपुर का स्टेडियम आरसीबी के लिए दूसरा घरेलू मैदान होगा, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था और पर्यटन को भी काफी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।



