अभनपुर भारतमाला स्कैम : ईडी का दुर्ग के कारोबारी भाजपा नेता पर छापा… अमर इंफ्रा के आधा दर्जन ठिकानों पर जांच
छत्तीसगढ़ के चर्चित अभनपुर भारतमाला मुआवजा स्कैम में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गुरुवार को दुर्ग के कारोबारी और भाजपा नेता चतुर्भुज राठी पर छापेमारी कर दी है। धमतरी-अभनपुर के छापों में मिले सुराग पर अमर इंफ्रा ग्रुप के संचालक चतुर्भुज राठी पर रेड की गई है। ईडी के आधा दर्जन से अधिक अधिकारी सुबह दुर्ग पहुंचे और महेश कॉलोनी स्थित निवास व कार्यालय में जांच शुरू की। टीम वित्तीय दस्तावेज, निवेश रिकॉर्ड और डिजिटल साक्ष्य खंगाल रही है। बताया जा रहा है कि अमर इंफ्रा समूह की आधा दर्जन से अधिक फर्में जांच के दायरे में हैं।
राज्य में निर्माणाधीन भारतमाला परियोजना के लिए अधिग्रहित जमीनों के मुआवजे में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी के आरोप हैं। जांच एजेंसियों के मुताबिक परियोजना मार्ग से जुड़े क्षेत्रों में नेताओं, अधिकारियों और उनके करीबी लोगों ने रिश्तेदारों के नाम पर जमीन खरीदी। बाद में उन्हीं जमीनों पर भारी मुआवजा लिया गया। राजनैतिक रूप से प्रभावशाली कई और लोगों के नाम जांच में सामने आए हैं। ईडी इनकी भूमिका की पड़ताल कर रही है। यही नहीं, रायपुर, दुर्ग, महासमुंद समेत कुछ जिलों में मुआवजा वितरण के दौरान पदस्थ आला अफसरों की भूमिका की पड़ताल भी ईडी कर रही है, ऐसा सूत्रों का कहना है। ईडी अब इस मामले में मनी लॉन्ड्रिंग, अवैध निवेश, कमीशनखोरी और संपत्ति अर्जन के एंगल से जांच कर रही है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में कई और बड़े नाम सामने आ सकते हैं।



