महिला ने सिपाही के घर में घुसकर पत्नी और मासूम बेटे को मार डाला… घर में मौजूद दो और बच्चियां गंभीर घायल, गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ के दुर्ग में शनिवार, 25 अप्रैल की सुबह एक महिला ने एसटीएफ सिपाही के घर में घुसकर उसकी पत्नी और 9 साल के बेटे को बेरहमी से चाकू से गोदकर मार डाला। उसने सिपाही के घर में मौजूद दो बच्चियों को भी घायल कर दिया। आरोपी महिला का नाम सरोजिनी भारद्वाज बताया गया है। यह वारदात भिलाई के स्मृति नगर चौकी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली एसटीएफ कॉलोनी में हुई, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है।
दुर्ग पुलिस के अनुसार आरोपी सरोजिनी के हमले में सिपाही ललितेश यादव की पत्नी रीना यादव और बेटे आदित्य की मौत हुई है। घर में मौजूद दो अन्य बच्चियां भी हमले में घायल हुई हैं, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है और वह अस्पताल में भर्ती है। एक अन्य बच्ची ने बाथरूम में छिपकर अपनी जान बचाई। पुलिस ने आरोपी महिला, जिसका नाम सरोजनी भारद्वाज बताया जा रहा है, को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच और मीडिया रिपोर्टों के अनुसार हत्या की वजह आरक्षक और आरोपी महिला के बीच संबंध अथवा आपसी विवाद बताया जा रहा है।



