अब धमतरी और बलौदाबाजार में दो-दो बायपास, बेमेतरा में एक… रायगढ़ में तीन तथा बिलासपुर में एक रिंग रोड मंजूर, 448 करोड़ रुपए जारी
छत्तीसगढ़ की साय सरकार ने अब मंझौले शहरों जैसे धमतरी, बलौदाबाजार और औद्योगिक शहर रायगढ़ में ट्रैफिक का दबाव कम करने के लिए 9 बायपास सड़कें बनाने का फैसला किया है। धमतरी और बलौदाबाजार में ट्रैफिक बाहर से गुजारने के लिए दो-दो बायपास तथा रायगढ़ में तीन बायपास सड़कों के लिए पीडब्लूडी विभाग के प्रस्ताव पर साय सरकार ने 448 करोड़ रुपए मंजूर कर दिए हैं। बिलासपुर में 13.40 किमी कोनी-मोपका फोरलेन बायपास के लिए 82 करोड़ 80 लाख रुपए तथा बेमेतरा में 1.20 किमी कांक्रीट वाले छिरहा बायपास के लिए भी 2 करोड़ 89 लाख रुपए की भी मंजूरी दी गई है। डिप्टी सीएम अरुण साव ने कहा कि स्थानीय लोगों की मांग और जरूरतों को देखते हुए ये बायपास सड़कें बनाई जाएंगी। इनका टेंडर तथा औपचारिक प्रक्रियाएं तुरंत शुरू की जा रही हैं और निर्माण दो साल के भीतर करने की योजना है।
पीडब्लूडी ने धमतरी जिले में 4 किमी लंबे भखारा बायपास के लिए 14 करोड़ 94 लाख रुपए तथा 1.50 किमी लंबे नारी बायपास के लिए 7 करोड़ 97 लाख रुपए मंजूर किए हैं। इसी तरह, बलौदाबाजार में लटुवा, पनगांव होते हुए 15 किमी लंबी रिंग रोड के लिए 88 करोड़ 68 लाख रुपए एवं 7 किमी लंबे रिसदा बायपास के लिए 20 करोड़ 99 लाख रुपए की मंजूरी दी गई है। इसी तरह, रायगढ़ में 6 किमी लंबे तमनार बायपास के लिए 152 करोड़ 17 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं। इसी तरह, रायगढ़ शहर में 70 करोड़ 47 लाख रुपए से रिंग रोड बनाई जाएगी। खरसिया के बायपास क्रमांक-3 कबीर चौक से डभरा रोड तक 2 किमी सड़क के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण के लिए भी 7 करोड़ 22 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं।
डिप्टी सीएम साव ने कहा कि सीएम विष्णुदेव साय की सरकार शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में निर्बाध, तेज और सुरक्षित यातायात उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। ट्रैफिक का दबाव कम करने बायपास सड़कों, पुलों और ओवरब्रिजों का निर्माण प्राथमिकता से किया जा रहा है। इससे आवागमन और अधिक स्मूथ, तेज एवं व्यवस्थित होगा। हम प्रदेश के समग्र विकास के लिए आधुनिक और मजबूत सड़क अधोसंरचना लगातार विकसित कर रहे हैं।



