108 माओवादियों का अपने खजाने समेत सरेंडर… मिला एक किलो सोना, 3.61 करोड़ कैश… अब तक की सबसे बड़ी बरामदगी
जगदलपुर में माओवादियों का बड़ा सरेंडर हुआ है। 3.29 करोड़ रुपए के इनामी 108 सशस्त्र माओवादियों ने सरेंडर किया है, जिनमे 44 महिला कैडर भी शामिल हैं। ये अपने साथ 101 बंदूकें भी लेकर आए थे। इनकी सूचना पर ही पुलिस ने नक्सलियों का एक बड़ा ‘डंप’ भी बरामद किया। जिसमें 1 किलो सोना और 3 करोड़ 61 लाख रुपये कैश मिला है।
सीएम विष्णु देव साय ने बस्तर क्षेत्र में माओवादी हिंसा के खिलाफ चल रही मुहिम को एक बड़ी सफलता बताते हुए कहा है कि अब बस्तर में बंदूक नहीं, बल्कि विश्वास की जीत हो रही है। राज्य सरकार की पुनर्वास नीति, सुरक्षा बलों के समन्वित प्रयासों तथा बस्तर क्षेत्र में तेजी से हो रहे विकास कार्यों के कारण बड़ी संख्या में माओवादी हिंसा का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा में शामिल हो रहे हैं। इससे बस्तर में शांति का वातावरण मजबूत हो रहा है और आम लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव दिखाई दे रहा है।



