नीति आयोग के नए उपाध्यक्ष के पदभार ग्रहण में शामिल सीएम साय ने कहा- विकास योजनाएं बनाने में आयोग की अहम भूमिका

सीएम विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य नीति आयोग प्रदेश के दीर्घकालिक विकास विज़न के साथ छत्तीसगढ़ के विकास को नई दिशा और गति देने वाला एक महत्वपूर्ण संस्थान है। सीएम ने आज नवा रायपुर स्थित नीति भवन में राज्य नीति आयोग के नवनियुक्त उपाध्यक्ष तथा पूर्व आईएएस गणेश शंकर मिश्रा के पदभार ग्रहण समारोह में अपने संबोधन में कहा कि भविष्य की जरूरतों और चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए विकास की योजनाएँ और रणनीतियाँ तैयार करने में आयोग की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज नीति आयोग द्वारा संचालित आकांक्षी जिलों का कार्यक्रम देश के पिछड़े क्षेत्रों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। जिसका सकारात्मक प्रभाव छत्तीसगढ़ के आकांक्षी जिलों में भी देखने को मिला है। नीति आयोग की विशेषता यह है कि यह क्षेत्र की वास्तविक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए नीति और योजना निर्माण को बढ़ावा देता है। इसी सोच के साथ राज्यों में भी राज्य नीति आयोग का गठन किया गया है, जो विकास की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सुशासन, पारदर्शिता और जनभागीदारी के साथ प्रदेश में विकास को नई गति देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इस अवसर पर मंत्री और विधायक तथा अधिकारी उपस्थित थे।



