काम की खबर : अपनी ज़मीन का डिटेल और आटो डायवर्सन अब भुइयाँ व्हाट्सएप पर… नंबर 7289056060 से व्हाट्सएप मैसेज करने पर कई जानकारियां
छत्तीसगढ़ में डिजिटल गवर्नेंस को ताक़तवर बनाते हुए नागरिक सुविधा के क्षेत्र में दो महत्वपूर्ण पहल की गई हैं। आम लोगों को ज़मीन की जानकारी देना आसान करते हुए भुइयां व्हाट्सऐप चैटबॉट तथा ऑटो-डाइवर्ज़न (पुनर्निर्धारण) सुविधा शुरू हुई हैं।इन दोनों डिजिटल सुविधाओं से नागरिकों को अब राजस्व संबंधी सेवाओं के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।भुइयां व्हाट्सऐप चैटबॉट से मोबाइल फोन पर ही विभिन्न राजस्व सेवाओं की जानकारी और सुविधा मिलेगी। इस चैटबॉट सेवा के अंतर्गत नागरिकों को जमीन संबंधी जानकारी, राजस्व न्यायालय से संबंधित जानकारी, मोबाइल नंबर जोड़ने की सुविधा, आधार नंबर जोड़ने हेतु ऑनलाइन आवेदन, किसान किताब हेतु आवेदन, नामांतरण हेतु आवेदन सहित अन्य नागरिक हितैषी राजस्व सेवाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं। नागरिक इन सभी सेवाओं का लाभ 7289056060 नंबर को अपने मोबाइल में सेव कर व्हाट्सऐप पर संदेश भेजकर प्राप्त कर सकते हैं।
इस सुविधा के अलावा राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने एक और महत्वपूर्ण डिजिटल पहल के रूप में ऑटो-डाइवर्ज़न (पुनर्निर्धारण) सुविधा शुरू की है। यह सुविधा भूमि उपयोग परिवर्तन की प्रक्रिया को पूरी तरह से ऑनलाइन, पारदर्शी और समयबद्ध बनाएगी। इस नई व्यवस्था के अंतर्गत अब नागरिक बिना किसी कागजी कार्रवाई और कार्यालयों के चक्कर लगाए अपने भूमि उपयोग परिवर्तन के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। पोर्टल पर भूमि चयन से लेकर प्रीमियम एवं शुल्क की गणना तक की पूरी प्रक्रिया स्वचालित और सहज बनाई गई है। भुगतान प्रक्रिया को सरल और सुरक्षित बनाने के लिए ई-चालान की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। आवेदन के साथ छह आवश्यक दस्तावेजों का ऑनलाइन अपलोड अनिवार्य किया गया है, जिससे प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।



