बृजमोहन और संघ नेता सहस्त्रबुद्धे की संसद परिसर में राहुल- प्रियंका- दिग्विजय से चर्चा… इसमें पॉलिटिक्स नहीं दिखी क्योंकि सत्र में आते रहते हैं ऐसे फोटो
संसद परिसर से बजट सत्र 2026–27 के दौरान मंगलवार को एक तस्वीर निकली और थोड़ी ही देर में वायरल हो गई। इस तस्वीर में रायपुर से भाजपा सांसद बृजमोहन अग्रवाल, संघ के नेता व पूर्व सांसद सहस्त्रबुद्धे राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और दिग्विजय सिंह एक साथ बातचीत करते नज़र आ रहे हैं। यह तस्वीर छत्तीसगढ़ में इसलिए ज़्यादा वायरल हुई क्योंकि पिछले कुछ दिन से बृजमोहन अग्रवाल छत्तीसगढ़ की मौजूदा भाजपा सरकार के कुछ विभागीय क्रियाकलापों पर आक्रामक हैं। फ़ोटो देखकर अनुमान लगाया जा रहा कि कुछ होने वाला तो नहीं है। हालाँकि दिल्ली मीडिया का कहना है कि सत्र के दौरान लोकसभा की कार्यवाही में हंगामे से अक्सर स्थगन होता है। इसी दौरान सांसदों की ऐसी मुलाकातों की तस्वीरें आती हैं और चर्चा का विषय बन जाती हैं।
दिल्ली में वरिष्ठ पत्रकार शकील अख्तर ने इस तस्वीर को साझा करते हुए बताया कि जब राहुल और प्रियंका मकर द्वार से बाहर आ रहे थे, उस वक्त दिग्विजय सिंह आरएसएस नेता सहस्त्रबुद्धे और बृजमोहन अग्रवाल से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान दिग्विजय सिंह ने राहुल–प्रियंका का उनसे परिचय कराया। इसके बाद राहुल और प्रियंका ने सहस्त्रबुद्धे से सांसद बृजमोहन की मौजूदगी कुछ देर तक बातचीत की।
बातचीत के दौरान दिग्विजय सिंह ने बताया कि वे रिटायर होकर एक इंस्टीट्यूट खोलने की योजना बना रहे हैं, जहां कांग्रेस, लेफ्ट और आरएसएस सहित विभिन्न विचारधाराओं के बारे में पढ़ाया जाएगा। इस पर राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस और आरएसएस की विचारधाराएं बिल्कुल अलग हैं। दिग्विजय सिंह ने जवाब दिया कि वे लोगों को आरएसएस की “असल विचारधारा” समझाना चाहते हैं ताकि उसे बेहतर ढंग से समझा जा सके।



