टीचर का एरियर्स जारी करने के लिए प्राचार्या और बाबू 10 हजार रु की रिश्वत में गिरफ्तार… एसीबी बिलासपुर ने कोर्ट में किया पेश
जांजगीर-चांपा जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) बिलासपुर की टीम ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की प्राचार्य अंजुला सोनी और क्लर्क विकास मसीह को 10,000 रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। दोनों ने एक शिक्षक का करीब 80,000 का एरियर्स पास करने के बदले ‘पार्टनरशिप’ में पैसों की मांग की थी।
एसीबी से मिली अधिकृत जानकारी के अनुसार शिकायत करनेवाले शिक्षक का 2022 से जून 2026 तक की वार्षिक वेतन वृद्धि का लगभग 80,000 रुपए एरियर्स बकाया था। इसे ट्रेजरी से जारी करने और बिल क्लियर करने के एवज में प्राचार्य और बाबू ने मिलकर पहले ₹20,000 की रिश्वत मांगी। बाद में सौदा 10,000 में तय हुआ। शिक्षक ने इसकी शिकायत सीधे ACB बिलासपुर कार्यालय में कर दी।
एसीबी ने पहले शिकायत की जांच की और उसे सही पाया। रणनीति के तहत जैसे ही शिक्षक ने पैसे स्कूल परिसर में आरोपियों को सौंपे, ACB की टीम ने दोनों को दबोच लिया। आरोपियों के हाथ धुलवाने पर पानी का रंग गुलाबी हो गया, जिससे रिश्वत लेने की पुष्टि हुई। दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (Prevention of Corruption Act) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।



