सिंगापुर से 45 हज़ार करोड़ रु के निवेश प्रस्ताव लेकर रायपुर पहुंचे सीएम साय… कहा- अब तक मिले प्रस्तावों में कई काम शुरू
सिंगापुर के SING फोरम में भारत सरकार के नॉमिनेशन पर हिस्सा लेने के बाद सीएम विष्णुदेव साय आज बुधवार, 7 अक्टूबर को रायपुर लौट आए। साथ गए सीएम के प्रधान सचिव सुबोध कुमार सिंह और अफसरों की टीम भी लौटी और मंत्रालय में कामकाज शुरू कर दिया। सीएम आज मंत्रालय नहीं जाएंगे, लेकिन रायपुर में दो कार्यक्रमों में हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने रायपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से कहा कि सिंगापुर उद्योग जगत के सामने हमने छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं को रखा। इसके करीब 45,600 करोड़ का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश का प्रस्ताव छत्तीसगढ़ को मिला है। इसमें सबसे बड़ा प्रस्वाव एनर्जी कैपिटल ग्लोबल का है। यह कंपनी छत्तीसगढ़ में 100 मेगावाट का AI रेडी डेटा सेंटर कैंपस विकसित करने के लिए 41,750 करोड़ रुपए का निवेश करेगी।
सीएम ने कहा कि नई उद्योग नीति लागू करने के बाद मात्र डेढ़ साल में छत्तीसगढ़ को 8.23 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए और एमओयू हुए। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि हम लोग जो काम करते हैं, निश्चित रूप से धरातल पर लाते हैं… इस भाव के साथ उसमें से अधिकांश कार्य धरातल पर उतर चुके हैं। सेमीकंडक्टर प्लांट, AI डाटा सेंटर का काम शुरू हो गया है।



