आज की खबर

रायपुर में गाड़ियों का ई-चालान पटाना आसान… पुलिस ने कई जगह लगाए क्यूआर (QR) कोड… फ़ोन से स्कैन करिए और पेमेंट

राजधानी पुलिस कमिश्नरेट ने रायपुर में ऑनलाइन ई-चालान का पेमेंट आसान करने के लिए क्यूआर QR कोड जारी कर दिया है। इस क्यूआर कोड के पोस्टर शहर के कई सरकारी दफ्तरों, पेट्रोल पंप, ऑटो डीलर्स एवं बैंकों सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर लगाए जा रहे हैं। इस QR कोड स्कैन करते ही ई-चालान की जानकारी एवं ऑनलाइन पेमेंट का ऑप्शन आ जाएगा। ट्रैफिक अफसरों का कहना है कि जानकारी के अभाव में जो लोग ई-चालान नहीं पटा पाए हैं, उनके लिए यह मददगार होगा।

रायपुर शहर में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध ITMS कैमरों एवं यातायात पुलिस ने ई-चालान की कार्यवाही जारी रखी है। ई-चालान की जानकारी वाहन मालिकों के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर SMS से भेजी जाती है। इसके बावजूद अधिकांश वाहन मालिकों को ई-चालान की जानकारी प्राप्त करने एवं ऑनलाइन भुगतान की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी नहीं होने के कारण दिक्कत हो रही है। इसीलिए रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने क्यूआर कोड की सुविधा प्रारंभ की है। वाहन मालिक अपने मोबाइल फोन से QR कोड स्कैन कर अपने वाहन पर जारी ई-चालान की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं तथा निर्धारित ऑनलाइन माध्यम से उसका भुगतान कर सकते हैं।

पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला और डिप्टी कमिश्नर ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा ने बताया कि रायपुर के सभी यातायात थानों के माध्यम से QR कोड को अधिकाधिक नागरिकों तक पहुंचाने की कार्यवाही की जा रही है। इसके अंतर्गत शहर के समस्त शासकीय कार्यालयों, पेट्रोल पंपों, ऑटो डीलर्स, बैंकों एवं थाना भवनों पर QR कोड चस्पा किए जा रहे हैं, ताकि आम नागरिकों को ई-चालान संबंधी जानकारी सहज एवं सुलभ रूप से प्राप्त हो सके।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button