कुमार विश्वास के कार्यक्रम के लिए कोल स्कैम के 25 लाख रु दिए… EOW के चालान में देवेंद्र-सूर्यकांत की इस चैट का उल्लेख… “व्यवस्था” खैरागढ़ में कार्यक्रम के लिए हुई
आर्थिक अपराध अन्वेषण विंग ने छत्तीसगढ़ के चर्चित कोल स्कैम की चार्जशीट में खुलासा किया कि चर्चित कवि डॉ कुमार विश्वास के कार्यक्रम के लिए कोयला घोटाले से कमाए गए 25 लाख रुपए dieहैं। EOW के सोमवार को कोर्ट में पेश किए गए छठवें पूरक चालान के पेज नंबर 66-67 में इस बात का उल्लेख है कि कुमार विश्वास को खैरागढ़ में हुए कार्यक्रम के लिए कोल स्कैम के पैसे ही दिए गए थे।
जांच एजेंसी ने इस बात का खुलासा कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव और मुख्य आरोपी सूर्यकांत तिवारी के बीच 5 अप्रैल 2022 को हुई व्हाट्सएप चैट के आधार पर किया है। EOW ने इस व्हाट्सएप बातचीत और डिजिटल साक्ष्यों के स्क्रीनशॉट को पूरक चालान के पेज नंबर 66-67 पर समरी के रूप में शामिल किया है। इसी के अनुसार खैरागढ़ में आयोजित डॉ. कुमार विश्वास के एक कार्यक्रम (कथा) के लिए 25 लाख रुपए की व्यवस्था की गई थी। दावा किया जा रहा है कि इस कार्यक्रम का भुगतान घोटाले की रकम से किया गया था। यह भी कहा गया कि मार्च और अप्रैल 2022 के बीच लगभग 3 करोड़ रुपए की रकम चुनाव क्षेत्र में पहुंचाई गई थी। जिसका बड़ा हिस्सा स्थानीय व्यवस्थाओं, चुनाव प्रचार और सांस्कृतिक आयोजनों (जैसे कुमार विश्वास के कार्यक्रम) पर खर्च हुआ था। इस मामले में एजेंसी ने जब्त डायरी और पैसे पहुंचाने वाले गवाहों के बयानों को भी सबूत के तौर पर शामिल किया है।



