गृहमंत्री का पीए बताकर ट्रांसफर-नौकरी के लिए 25 लाख वसूले… रायपुर में हाईप्रोफाइल ठगी का भंडाफोड़, दो युवक अरेस्ट

राजधानी रायपुर में बेरोजगारों से धोखाधड़ी की बड़ी वारदात हुई है। शहर के युवकों ने ख़ुद को गृहमंत्री का पीए (निजी सहायक) बताकर 15 युवकों से नौकरी और ट्रांसफर के नाम पर 25 लाख रुपए ठग लिए। एक युवक ने सिविल लाइंस थाने में रिपोर्ट लिखाई, तब इस हाई-प्रोफाइल फर्जीवाड़े का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने इस मामले में आदित्य मोहन पंडा (23 वर्ष), निवासी कमल विहार और संतराम यादव (38 वर्ष), निवासी हिमालया हाइट्स, देवपुरी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी आदित्य मोहन पंडा खुद को छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री का निज सहायक (PA) बताता था। दूसरा आरोपी संतराम यादव भी बड़े और प्रभावशाली लोगों से संपर्क होने का दावा कर लोगों को अपने जाल में फंसाता था। ठगी का भंडाफोड़ तब हुआ जब पीड़ित बोस्टो तांडी ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई। आरोपियों ने उससे नौकरी के नाम पर 70 हजार रुपये लिए थे। बहुत दिन तक नौकरी नहीं लगी, तब वह थाने पहुंचा। दोनों आरोपियों ने कड़ाई से पूछताछ में स्वीकार किया कि वे नौकरी और ट्रांसफर का लालच देकर अब तक25 लाख वसूल चुके हैं।
सिविल लाइन पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(2), 319(2), 336(3), 340 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है। पुलिस को आशंका है कि इस गिरोह ने और भी कई लोगों को अपना शिकार बनाया होगा, जिसकी जांच की जा रही है।



