गृहमंत्री अमित शाह रायपुर पहुंचे, सीएम साय ने किया स्वागत… राज्योत्सव के समापन में शामिल होंगे, आज रात ही दिल्ली वापसी
केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह आज 3 नवंबर (मंगलवार) को विशेष विमान से राजधानी रायपुर पहुँच गए हैं। माना एयरपोर्ट पर गृहमंत्री शाह का सीएम विष्णुदेव साय ने आत्मीय स्वागत किया। वे छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय राज्योत्सव के भव्य समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। गृहमंत्री शाह आज रात ही दिल्ली लौट जाएंगे।
गृहमंत्री शाह पंडरी (मंडी रोड) स्थित एक निजी अस्पताल का लोकार्पण करेंगे। शाम को नवा रायपुर (सेक्टर-16) स्थित ‘पीपल वन’ में ‘विकसित भारत संकल्प पार्क’ का उद्घाटन करेंगे। अमित शाह शाम 6 से रात 8 बजे तक नवा रायपुर के राज्योत्सव मेला मैदान में मुख्य समापन समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। इस दौरान वे प्रदेश की विभिन्न उत्कृष्ट विभूतियों को राज्य अलंकरण पुरस्कारों से सम्मानित करेंगे। इस समारोह की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कर रहे हैं। इस बार राज्योत्सव की यह समापन संध्या इसलिए भी खास है, क्योंकि राज्य सरकार इसे “नक्सल मुक्त छत्तीसगढ़” की ऐतिहासिक सफलता के जश्न के रूप में भी मना रही है। सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रसिद्ध बॉलीवुड गायक अभिजीत भट्टाचार्य और पद्मश्री उषा बारले अपनी प्रस्तुतियां देंगे।



