आज की खबर

अबार्शन हुआ तो पड़ोस की अकेली महिला को जादूगरनी बता दिया… खरोरा जैसे बड़े कस्बे में जादू-टोने के शक में महिला का बड़े पत्थर से सिर कुचल डाला… हत्या में दो सगे भाई गिरफ्तार

राजधानी से केवल 40 किमी दूर खरोरा जैसे बड़े कस्बे में अंधविश्वास और जादू-टोने के शक ने एक और अकेली महिला की जान ले ली। दो सगे भाइयों ने इस वारदात को अंजाम दिया, क्योंकि कुछ दिन पहले दोनों की पत्नियों का अबार्शन हुआ था और दोनों का शक था कि महिला ने ही जादू-टोना कर दिया होगा। युवकों ने इस शक में पद्मा यादव को उसके दरवाजे पर ही सिर पर बड़ा सा पत्थर पटककर और डंडों से पीटकर मार डाला। उसका शव मिला, तब मर्डर ब्लाइंड था, इसलिए रायपुर एसएसपी डा. लाल उमेद सिंह ने क्राइम ब्रांच को भी लगा दिया। कुछ ही घंटे में पूरा केस खुल गया। हत्या के आरोप में महिला के पड़ोसी राजू यादव और जीवन यादव को गिरफ्तार किया गया, तब खुलासा हुआ कि अंधविश्वास और जादू-टोने के शक ने अकेली रहनेवाली एक और महिला की जान ले ली।
केस खरोरा के वार्ड 13 का है। इस वार्ड में महिला पद्मा यादव अकेली रहती थी। 25 मई को गांववालों ने महिला के भतीजे को खबर दी कि उसकी बुआ का खून से लथपथ शव घर के दरवाजे पर ही पड़ा है। शव के पास खून से बना बड़ा बोल्डर और खून लगे टूटे डंडे भी थे। इस वारदात के खरोरा में सनसनी फैल गई। एसएसपी ने तत्काल खरोरा पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच को भी इस मामले की जांच में लगा दिया। क्राइम ब्रांच की टीम घंटेभर में मौके पर पहुंच गई और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। तब सुराग मिला कि पद्मा यादव का उसके पड़ोसियों राजू और जीवन से विवाद हुआ था। इस आधार पर राजू और जीवन को घेरकर पकड़ा गया। कुछ देर की पूछताछ में दोनों ने हत्या स्वीकार करते हुए जो वजह बताई, वह चौंकाने वाली थी. दरअसल पद्मा ने दोनों आरोपियों के दादा से पड़ोस में जमीन खरीदी थी और उसी में मकान बनाकर रहती थी। आरोपियों को काफी पहले से शक था कि पद्मा जाद-टोना करती है एवं नींबू-मिर्ची फेंकती है। हाल में एक-एक तक दोनों आरोपियों की पत्नियों का अबार्शन हुआ। दोनों ने जादू-टोने का आरोप लगाकर इसका ठीकरा पद्मा पर ही फोड़ा। इसी मुद्दे पर दोनों का पद्मा से विवाद हुआ और बात इतनी बढ़ी कि पहले तो पद्मा की डंडे से बेरहमी से पिटाई की गई। वह अचेत होकर गिरी तो उसके सिर पर बड़ा पत्थर पटक दिया गया। इससे उसकी तुरंत मौत हो गई। इसके बाद दोनों भाई भाग निकले। गिरफ्तारी के बाद दोनों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से दोनों जेल भेज दिए गए।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button