विष्णु के सुशासन का आ गया रिजल्ट… छत्तीसगढ की 17 बड़े राज्यों के ग्रुप में 11वें नंबर पर छलांग… शासन, समाज और आर्थिक सुधारों का नतीजा

केंद्र सरकार की एजेंसियां हर साल सर्वे करती हैं कि देशभर के राज्य गुड गवर्नेंस, सामाजिक सुधार और आर्थिक सुधारों में क्या काम कर रहे हैं और इसमें कितनी कामयाबी मिल रही है। इस सर्वे के नतीजों के आधार पर केयरएज रैंकिंग तैयार की जाती है। छत्तीसगढ़ के लिए बड़ी खबर ये है कि इसी केयरएज रैंकिंग में छत्तीसगढ़ न केवल देश के 17 बड़े राज्यों के ग्रुप में शामिल हुआ है, बल्कि 14वें नंबर से लगातार तीन रैंक उछलकर 11वें नंबर पर आ गया है। सीएम विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ के लोगों को इसके लिए बधाई दी और कहा कि यह प्रदर्शन शासन, सामाजिक संकेतकों और आर्थिक मजबूती में व्यापक सुधार का प्रमाण है।
एक बाार फिर बता दें कि इस साल यानी 2025 की केयरएज स्टेट रैंकिंग छत्तीसगढ़ ने देश के बड़े राज्यों की सूची में अपनी रैंकिंग को तीन स्थान और बेहतर किया है। अब 2023 की तुलना में राज्य का समग्र स्कोर 6.1 अंकों की वृद्धि के साथ 34.8 से बढ़कर 40.9 हो गया है। इस उपलब्धि पर सीएम साय ने कहा है कि यह उपलब्धि टीम छत्तीसगढ़ की मेहनत और जन-सेवा का परिणाम है। शासन में पारदर्शिता, सेवा की गति और नागरिकों की भागीदारी को प्राथमिकता देने की वजह से यह उपलब्धि मिली है। निकट भविष्य में छत्तीसगढ़ देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होगा।
केयरएज की रिपोर्ट के अनुसार छत्तीसगढ़ में आर्थिक प्रदर्शन के मापदण्ड पर उल्लेखनीय 9.9 अंकों की वृद्धि दर्ज की है। वर्ष 2023 में जहां राज्य 12वें स्थान पर था, वहीं 2025 में यह 7वें स्थान पर आ गया है। इसी तरह, छत्तीसगढ़ ने शासन-प्रशासन यानी गुड गवर्नेंस के जरिए 14.2 अंकों की छलांग लगाई है। सार्वजनिक सेवा, कानून व्यवस्था और डिजिटल गवर्नेंस में किए गए सुधार इसके मुख्य कारण रहे। वहीं सामाजिक क्षेत्र में 17.8 अंकों की वृद्धि इस बात का प्रमाण है कि राज्य ने साक्षरता, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं और आय-समानता के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। आर्थिक क्षेत्र में भी लगभग 10 अंकों की बढ़त दर्ज की है, जो राज्य की स्थिर विकास दर में वृद्धि और औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार का शुभ संकेत है। रिपोर्ट में कहा गया है कि छत्तीसगढ़ ने 2023 से 2025 के बीच सुशासन, सामाजिक और आर्थिक तौर पर उल्लेखनीय सुधार किए हैं।