सीएम साय चीन का सम्मान करने के सैम पित्रोदा के बयान पर बिफरे… कहा- कांग्रेस अलगाववादियों और देश के दुश्मनों के साथ

छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के प्रमुख सैम पित्रोदा के उस बयान पर बिफर गए, जिसमें पित्रोदा ने कहा था कि चीन को दुश्मन मानने के बजाय भारत को उसका सम्मान करना चाहिए तथा उसके प्रति दृष्टिकोण में बदलाव लाना चाहिए। सीएम साय ने सैम पित्रोदा के इस बयान पर तीखी प्रतिक्रिया जताते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस का हाथ सीधे तौर पर देश के दुश्मनों और अलगाववादियों के साथ है। कांग्रेस नेताओं की अलग-अलग मंचों पर भारतीय नस्ल को अपमानित करना, भारत के बारे में अलग-अलग मंचों पर दुष्प्रचार तथा देश को कमजोर करने की नीति रही है। इसके बाद ऐसे बयान को निजी बताकर पल्ला झाड़ना भी कांग्रेस की पुरानी आदत है। सीएम साय ने कांग्रेस के चुनौती दी कि अगर पार्टी में हिम्मत है तो अपने विदेश विभाग के प्रमुख को निष्कासित करके दिखाए।
सीएम साय ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर लिखा- कांग्रेस के विदेशी विभाग के प्रमुख सैम पित्रोदा को शायद देश के दुश्मनों का हाथ मजबूत करने के लिए ही रखा गया है। पित्रोदा के साथ-साथ देश को कमजोर करने की साजिश रचते रहना कांग्रेस की अघोषित नीति ही है। पित्रोदा के हर बयान को निजी बयान बता देने की भी कांग्रेस की तय रणनीति है। अपने नेता से बयान दिला कर पहले देश विरोधियों को तुष्ट करना यह साबित करता है कि कांग्रेस आज भी ‘चोर से कहो चोरी कर और गृह स्वामी से कहो जागते रहो’ की पुरानी नीति पर कायम है। सीएम साय ने आरोप लगाया कि जिस देश की बात की गई, उसके सत्ताधारी से कांग्रेस के आधिकारिक समझौते के कारण ही ये तमाम बयान आते हैं। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस बयान से सहमत नहीं है, तो क्या सैम पित्रोदा को पार्टी से बर्खास्त करेगी। क्योंकि अगर ऐसा नहीं किया जाता, तो यह साबित होगा कि पार्टी आलाकमान के इशारे पर ही देश को कमजोर करने का कुचक्र रचा जा रहा है। इसे कतई सहन नहीं किया जा सकता। गौरतलब है कि सैम पित्रोदा ने एक इंटरव्यू में कहा था कि चीन को दुश्मन मानने की बजाय उसका सम्मान करना चाहिए। भारत का रवैया टकराव वाला रहा है, जिससे दुश्मनी बढ़ती है। उन्होंने सुझाव दिया कि भारत को कमांड और कंट्रोल की मानसिकता से बाहर आकर संवाद और सहयोग को प्राथमिकता देनी चाहिए। पित्रोदा के इस बयान का भारत में चारों ओर विरोध हो रहा है।