आज की खबर

छत्तीसगढ़ में अब ट्रिपल इंजन सरकार… सीएम साय बोले- मोदी गारंटी , अटल विश्वास और सुशासन से जीत की सुनामी… कांग्रेस पर ऐसे किया ज़ोरदार हमला

नगरीय निकाय चुनाव में सीएम विष्णुदेव साय और भाजपा प्रदेश में ट्रिपल इंजन सरकार का नया नारा लेकर आए। जैसे नतीजे आए हैं, उनसे सीएम तथा समूची भाजपा को लग रहा है कि प्रदेश की जनता ने रफ़्तार से विकास के लिए ट्रिपल इंजन सरकार पर भरोसा जता दिया है। सीएम साय ने शनिवार को भीड़भरी प्रेस कांफ्रेंस में अभूतपूर्व जनादेश के लिए पूरे प्रदेश के लोगों का हृदय से आभार व्यक्त किया और कहा कि यह जीत केवल एक चुनावी जीत नहीं, बल्कि जनता के भरोसे और आशीर्वाद की विजय है। सीएम साय कहा कि जनता ने हमारे 13 महीनों के सुशासन को सराहा है। ‘मोदी की गारंटी’ की तरह ही ‘अटल विश्वास पत्र’ पर भी जनता ने विश्वास जताया है। हम इस भरोसे को कभी टूटने नहीं देंगे और जनता से किए गए हर वादे को पूरा करेंगे।

बता दें कि अभी तक आए चुनाव परिणामों के अनुसार 10 में से 10 नगर निगमों में भाजपा विजयी हुई है। साथ ही 49 नगर पालिकाओं में से 35 में और 114 नगर पंचायतों में से 81 पर भाजपा की जीत हुई है।सीएम ने कहा कि जीत की यह सुनामी बताती है कि जनता ने भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन और पारदर्शी सुशासन को चुना है।

निकायों को बना दिया था भ्रष्टाचार का अड्डा

सीएम साय ने कांग्रेस सरकार की विफलताओं पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने निकायों को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया था। मेयर और अध्यक्षों के चुनाव को प्रत्यक्ष प्रणाली से हटा दिया गया था। लेकिन भाजपा सरकार ने लोकतंत्र की बहाली करते हुए चुनाव को पुनः प्रत्यक्ष प्रणाली से कराया और इसका परिणाम है कि कांग्रेस के पिछले मेयर आज पार्षद बनने में भी असफल रहे हैं। सीएम ने आश्वस्त किया कि हमने जो भी वादे अटल विश्वास पत्र में किए हैं, वे 100 प्रतिशत पूरे किए जाएंगे। हमारी सरकार विकास, पारदर्शिता और सुशासन के प्रति प्रतिबद्ध है। भाजपा की कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है। हमने जो कहा, उसे पूरा किया और आगे भी करेंगे।

कार्यकर्ताओं के समर्पण को सराहा

सीएम साय ने भाजपा कार्यकर्ताओं को भी बधाई देते हुए कहा कि यह जीत हमारे कार्यकर्ताओं की मेहनत की जीत है। प्रत्येक कार्यकर्ता ने भाजपा सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने में परिश्रम किया। यह जीत केवल एक चुनावी जीत नहीं, बल्कि लोकतंत्र की पुनः स्थापना का प्रतीक है।सीएम साय ने दोबारा आश्वस्त किया कि अब निकायों में भी बदलाव दिखेगा, विकास होगा। जनता की तरक्की हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता बनी रहेगी। हम छत्तीसगढ़ के हर नगर, हर गांव को विकास के नए आयाम तक पहुंचाएंगे।

पंचायत चुनावों में भी बड़ी जीत की तैयारी

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि अब आने वाले पंचायत चुनावों में भी जनता भाजपा को भारी समर्थन देगी, क्योंकि जनता ने भाजपा के विकास मॉडल को देखा है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में ट्रिपल इंजन सरकार बन गई है, जिससे विकास को नई गति मिलेगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button