आज की खबर

न्यूज रील…छत्तीसगढ़ में प्रचार थमा, सीएम साय के कांग्रेस पर तीखे वार, बृजमोहन और विकास के रोड-शो

छत्तीसगढ़ की सात सीटों पर 7 मई को होने वाले मतदान के लिए रविवार, 5 मई को शाम 5 बजे चुनावी शोर थम गया तथा प्रत्याशियों ने डोर टू डोर संपर्क शुरू कर दिया। तीसरे चरण में छत्तीसगढ़ की लोकसभा सीटों रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, जांजगीर, कोरबा, रायगढ़ और सरगुजा में मंगलवार को वोट डाले जाएंगे। इसी के साथ छत्तीसगढ़ की सभी 11 सीटों पर मतदान पूरा हो जाएगा। पहले चरण में बस्तर और दूसरे चरण में राजनांदगांव, कांकेर और महासमुंद सीटों के लिए मतदान हो चुका है। राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदान की तैयारी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में सोमवार को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रीना बाबासाहेब कंगाले मीडिया को पूरी तैयारी से अवगत करवाने जा रही हैं।

कांग्रेस ने 5 साल धोखा दिया, भ्रष्टाचार किया और चारागाह बना दियाः सीएम साय 

प्रचार के अंतिम दिन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ सूरजपुर में बड़ी सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर तीखे हमले किए हैं। अंतिम दिन में बरमकेला में भी आमसभा को संबोधित किया। सीएम साय ने कहा कि कांग्रेस की सरकार थी तब किसानों को धान के अंतर की राशि को चार किश्त में तरसाकर देती थी। अब भाजपा की सुशासन की सरकार है। हम जो बोलते हैं वो करते हैं, कांग्रेस पार्टी की तरह झूठ नहीं बोलते। प्रचार के अंतिम दिन सीएम साय के कांग्रेस के प्रति तेवर खासे आक्रामक दिखे। भाजपा अध्यक्ष नड्डा की मौजूदगी में सूरजपुर की सभा में सीएम साय ने कहा कि पांच साल छत्तीसगढ़ की जनता ने कांग्रेस पर भरोसा किया, लेकिन कांग्रेस ने अपनी जेब भरी। पांच साल जनता के साथ धोखाधड़ी की। खनिज संसाधनों से भरपूर हमारे प्रदेश को चारागाह बनाकर भ्रष्टाचार किया। उन्होंने बरमकेला में कहा कि कांग्रेस ने भ्रष्टाचार की सारी सीमाएं लांघ दी थीं, इसलिए जनता ने उन्हें नकार दिया। अब भाजपा सबकी जांच करवा रही है। जो भी दोषी हैं, जल्द जेल की सलाखों के पीछे होंगे।

जनता ने 8 बार आशीर्वाद दिया, वे ही अब प्रचंड जीत का तिलक लगाएंगेः बृजमोहन

दिग्गज मंत्री तथा रायपुर लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी बृजमोहन अग्रवाल ने रायपुर ग्रामीण में बड़ा रोड-शो किया। इस दौरान उन्होंने जगह-जगह सभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि मैं देश के उन चंद सौभाग्यशाली लोगों में शामिल हूं, जिन्हें जनता ने आठ बार आशीर्वाद देकर विधायक बनाया। अब मुझे उम्मीद है कि रायपुर की जनता मुझे प्रचंड विजय का तिलक भी लगाएगी। बृजमोहन ने लोगों से कहा कि सभी ने उन्हें 35 वर्षों से जांचा-परखा है। मेरे काम को सराहा है। उन्होंने कहा कि अब आपका बृजमोहन रायपुर लोकसभा से भाजपा सांसद बनने के लिए आपका आशीर्वाद लेने आया हैं। मुझे पूर्ण विश्वास है कि मेरे माथे आप विजय तिलक जरुर लगाएंगे और मुझे बड़ी जीत दिलाकर दिल्ली भेजेंगे। बृजमोहन अग्रवाल का रोड शो पाटीदार भवन से शुरू होकर भनपुरी, गोगांव, सोनडोंगरी, सरोरा मेन रोड, सरोरा बाजार चौक, उरला, अछोली, बिरगांव , बुधवारी बाजार, व्यास तालाब, रावणभाठा से गुजरा।

आरंग और अभनपुर में विकास के रोड-शो, स्वागत में आतिशबाजी

रायपुर लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार तथा पूर्व संसदीय सचिव विकास उपाध्याय ने रविवार को आरंग और अभनपुर में धुआंधार रोड शो किए। रोड शो की शुरुआत अभनपुर से और समापन आरंग में हुआ। अभनपुर विधानसभा के नवापारा, जौंदी, डागनिया, चंपारण, सेमरा, टीला, कुम्हारी, गौरभाट, बनचरौदा, छटेरा, गोईंदा, निसदा और अभनपुर बस्ती में हुए रोड-शो में कांग्रेस कार्यकर्ता और आम लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने रैली के साथ पैदल ही निकले विकास के स्वागत में कई जगह आतिशाबाजी की। उनके साथ पूर्व वरिष्ठ नेता धनेंद्र साहू भी मौजूद थे। प्रचार का शोर धमने के बाद विकास देर शाम रायपुर लौट आए तथा मतदान की रणनीति पर काम शुरू कर दिया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button