नक्सलमुक्ति की डेडलाइन से पहले सड़कों के लिए दिल्ली से पैसों की बारिश… अब कांकेर-भानुप्रतापपुर 48 किमी रोड के लिए 124 करोड़ रुपए, देखें चिट्ठी
केंद्र सरकार ने बस्तर को नक्सलमुक्त करने की डेडलाइन 31 मार्च तय की है। इस तारीख से पहले ही बस्तर के ज्यादातर अहम नेशनल और स्टेट हाईवे के लिए केंद्र सरकार ने अरबों रुपए मंजूर करके राज्य सरकार को भेजे हैं। ताजा मंजूरी कांकेर-भानुप्रतापपुर-संबलपुर रोड की चौड़ाई बढ़ाने और मजबूत करने के लिए है। मंत्री नितिन गडकरी के सड़क परिवहन मंत्रालय ने इसके लिए 124 करोड़ 35 लाख रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति के साथ छत्तीसगढ़ शासन को भेजे हैं। सीएम विष्णुदेव साय और डिप्टी सीएम अरुण साव ने इन सड़कों के लिए मंत्री गडकरी से मुलाकात कर फंड सेंक्शन करने का आग्रह किया है। पीडब्लूडी सचिव डा. कमलप्रीत सिंह ने बताया कि पैसे की मंजूरी आने के बाद ईएनसी को जल्दी ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर काम चालू करने के निर्देश दे दिए गए हैं। इस सड़क का काम भी अगले साल यानी 2027 के अंत तक पूरा कर लिए जाने की डेडलाइन है।

सड़क परिवहन मंत्रालय ने केंद्रीय सड़क निथि से कांकेर-भानुप्रतापपुर-संबलपुल स्टेट हाईवे के निर्माण के लिए 130 करोड़ रुपए की मंजूरी मार्च के शुरुआती सप्ताह में दे दी थी। फंड ट्रांसफर के बाद पीडब्लूडी ने निर्माण संबंधी औपचारिकताएं शुरू की हैं। इस सड़क का करीब 11 किमी हिस्सा कुछ अरसा पहले बना था। शासन ने पीडब्लूडी विभाग को निर्देश दिए हैं कि यह पार्ट चूंकि परफार्मेंस गारंटी में है, इसलिए इसकी मरम्मत और मेंटेनेंस गारंटी खत्म होने तक संबंधित ठेकेदार से करवाया जाए। इसके उपरांत ही टेंडर जारी किया जाए। इस सड़क की चौड़ाई जंगल तथा अन्य कारणों से एक समान न रहकर 7 मीटर से 10 मीटर के बीच रहेगी। अभी सड़क सिंगल है, कहीं-कहीं ही इसकी चौड़ाई 5-6 मीटर है।



