किरण सिंह देव ही रहेंगे भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष… संगठन चुनाव में जमा पर्चों में उन्हीं का नाम… इसी के साथ उनके मंत्री बनने की संभावना भी कम
भारतीय जनता पार्टी के संगठन चुनाव का सबसे अहम पड़ाव कल गुरुवार को आएगा, जब चुने हुए प्रदेश अध्यक्ष के नाम की घोषणा कर दी जाएगी। अब तक किरण सिंह देव मनोनीत प्रदेश अध्यक्ष हैं। बड़ा डेवलपमेंट यह हुआ है कि गुरुवार को अध्यक्ष के लिए चुनाव का पर्चा दाखिल करने का आखिरी दिन था। इसके लिए 12-12 जिलों से भाजपा की तीन टोलियों ने नामांकन दाखिल किए थे। पुख्ता संकेत हैं कि तीनों ही पर्चों में अध्यक्ष के तौर पर किरण सिंह देव का नाम ही है। बताते हैं कि इन पर्चों में किरण सिंह देव की अध्यक्ष के तौर पर उम्मीदवारी के लिए जितने प्रस्तावक और समर्थक रहने का नियम बनाया गया है, उतने लोग हैं। इसलिए देर रात यह स्पष्ट हो गया है कि किरण सिंह देव अब तक भाजपा के मनोनीत अध्यक्ष थे, अब चयनित अध्यक्ष हो जाएंगे। इसी के साथ यह चर्चा भी छिड़ गई है कि विष्णुदेव साय सरकार के प्रस्तावित कैबिनेट विस्तार में किरण के मंत्री बनने की संभावनाओं बहुत कम हो गई हैं, क्योंकि भाजपा में एक व्यक्ति एक पद का नियम सख्ती से लागू है। अब तक प्रस्तावित मंत्रियों की जितनी भी तथाकथित सूचियां वायरल हुईं, उनमें किरण सिंह देव का नाम कामन है। हालांकि कुछ नेताओं का यह भी कहना है कि पार्टी अगर मंत्री बनाना चाहे तो ऐसी भी बड़ी दिक्कत नहीं है क्योंकि विकल्प बंद नहीं हुए हैं।
भारतीय जनता पार्टी के चुने हुए प्रदेश अध्यक्ष के लिए किरण सिंह देव, नारायण चंदेल और धरमलाल कौशिक के नाम चले थे और तीनों दिल्ली तक गए। सूत्रों के अनुसार संगठन का एक बड़ा वर्ग किरण को कंटीन्यू करना चाहता है। सांसद बृजमोहन की ओर से नारायण चंदेल का नाम उछला था, जबकि डा. रमन सिंह की ओर से धरमलाल कौशिक की उम्मीदवारी की बात आ रही थी। हालांकि शेष दोनों नेताओं की ओर से खुलकर किसी तरह की लाबिंग नहीं हुई, क्योंकि भाजपा में ऐसा चलन नहीं है। गुरुवार को प्रदेश अध्यक्ष के लिए नामांकन दाखिल होना था। इसके लिए 12-12 जिलों से तीन टोलियां पहुंचीं और पर्चे दाखिल किए गए। माना जा रहा था कि तीनों टोलियां एक-एक नाम देंगी और इस तरह चुनाव की स्थिति बन सकती है। लेकिन देर रात यह स्पष्ट हो गया कि तीनों की ओर से किरण सिंह देव के नाम ही प्रस्तावित हैं। पर्चों में उनके प्रस्तावक-समर्थकों का ही नाम है। इसलिए किरण सिंह देव के अध्यक्ष चुने जाने में कोई संदेह नहीं बचा है।
भाजपा संगठन की ओर से कल प्रदेश अध्यक्ष के ऐलान के लिए होने वाले कार्यक्रम की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसके लिए पार्टी भव्य कार्यक्रम करने जा रही है। इस समारोह की तैयारी के लिए गुरुवार रात विशेष बैठक बुलाई गई। इस बैठक में मुख्य रूप से भाजपा संगठन चुनाव के प्रभारी खूबचंद पारख, प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव, रामू रोहरा, कार्यालय प्रभारी नरेश गुप्ता, प्रदेश मंत्री किशोर महानंद, रायपुर जिलाध्यक्ष रमेश ठाकुर, पूर्व अध्यक्ष जयंती पटेल तथा महामंत्री सत्यम दुआ मौजूद थे।