उम्मीदवारों की घोषणा में भाजपा आगे… डोंगरगढ़, गरियाबंद नगरपालिका व कई नगर पंचायतों के वार्ड प्रत्याशी घोषित
छत्तीसगढ़ में दलीय आधार पर होने वाले नगरीय निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार, 25 जनवरी को डोंगरगढ़ और गरियाबंद नगर पालिका के पार्षद उम्मीदवारों तथा कई नगर पंचायतों के पार्षद प्रत्याशियों की सूची जारी कर इस मामले में बढ़त हासिल कर ली है। पार्टी की ओर से डोंगरगढ़ नगरपालिका के 24 वार्डों तथा गरियाबंद नगरपालिका के 15 वार्डों के प्रत्याशी घोषित कर दिए गए हैं। यही नहीं, भाजपा ने छुरिया नगर पंचायत अध्यक्ष के लिए अजय पटेल को उम्मीदवार घोषित किया है। इसके अलावा शनिवार शाम नगर पंचायतों में राजिम, फिंगेश्वर, छुरा, कोपरा, देवभोगा, छुरिया और लालबहादुर नगर के वार्ड प्रत्याशियों की लिस्ट भी जारी कर दी गई। पार्टी सूत्रों के मुताबिक शनिवार रात तक कई नगरपालिकाओं और नगरपंचायतों के साथ-साथ एकाध नगर निगम के वार्ड प्रत्याशियों की सूची भी जारी हो सकती है।
भारतीय जनता पार्टी ने अधिकांश नगर पंचायतों, नगरपालिकाओं और यहां तक कि नगर निगम के वार्ड प्रत्याशियों की सूची भी लगभग तैयार कर ली है। अधिकांश में एक-एक नाम ही बताए गए हैं। इन्हें अनुमोदन के बाद संबंधित जिलों से जारी किया जाएगा। इसकी शुरुआत भी हो गई है। पार्टी की ओर से 26 जनवरी को भी शाम के बाद प्रत्याशियों की ताबड़तोड़ सूचियां जारी की जाएंगी। अभी नगर निगम के महापौर और नगरपालिका के अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों पर ही मुहर लगनी बाकी है। नगर निगमों के मामले में पार्टी उम्मीदवारों पर गहन मंथन करेगी, क्योंकि इन प्रत्याशियों की घोषणा से संबंधित शहरों में भी मैसेज जाएगा। सूत्रों का कहना है कि नगरीय निकायों में उम्मीदवारी की घोषणा का काम 27 जनवरी की रात तक पूरा हो जाएगा। एक-दो नाम बचेंगे तो उनकी घोषणा 28 को कर दी जाएगी। नामांकन जमा करने की आखिरी तारीख यही है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि बी-फार्म स्क्रूटनी वाले दिन तक जमा किए जा सकते हैं।