नशे के मामलों में जब्त सैकड़ों बाइक-स्कूटर बेची पुलिस ने… अब 400 गाड़ियां-लोडर बचे, महीनेभर में होंगे नीलाम… रायपुर-आसपास से भी पहुंचे थे खरीदार

आप किसी भी पुलिस थाने के आसपास से गुजरें, दर्जनों जब्त दोपहिया और बड़ी गाड़ियां धूल खाकर कबाड़ होती नजर आ जाएंगी। एक तरह से यह संपत्ति की बर्बादी तो है ही, थानों की जगह भी जाती है और निगरानी भी करनी पड़ती है। इससे बचने के लिए बलौदाबाजार पुलिस ने ऐसी गाड़ियों को इकट्ठा ही बेचने का प्रयोग किया है। शनिवार को बलौदाबाजार में नारकोटिक्स और अवैध शराब में जब्त टू-व्हीलर्स तथा दो कार नीलाम कर दी गई हैं। एसएसपी विजय अग्रवाल ने बताया कि पहले चरण में हुई गाड़ियों की नीलामी से पुलिस को 18 लाख रुपए मिले हैं। अगले कुछ दिन में 400 लावारिस तथा गुड्स कैरियर वाहनों की नीलामी भी कर दी जाएगी।
बलौदाबाजार पुलिस ने शराब और नारकोटिक्स मामलों में जब्त गाड़ियों की नीलामी लाइन में की, जिसके लिए प्रशासनिक अधिकारी की अध्यक्षता में जिलास्तरीय नीलामी समिति बनाई गई थी। शनिवार को हुई नीलामी में बलौदाबाजार के लोग तो थे ही, रायपुर और आसपास से भी काफी लोग गए और नीलामी में बोली लगाई। नीलामी सुबह 11 बजे शुरू होकर 3 बजे तक चली। इस दौरान कबाड़ियों से ज्यादा निजी लोग बोलियां लगाकर गाड़ियां लेने में कामयाब रहे। मिली जानकारी के मुताबिक आज की नीलामी में एक बाइक की बोली सर्वाधिक 70 हजार रुपए आई, हालांकि इस बाइक की ओरिजिनल कीमत करीब पौने 2 लाख रुपए है। कई दोपहिया-स्कूटर को पांच-पांच हजार रुपए से भी कम में बिकी हैं, हालांकि उनकी कंडीशन काफी खराब दिख रही थी। अफसरों ने बताया कि जिन लोगों ने नीलामी में गाड़ियां उठाई हैं, उन्हें 7 दिन के भीतर पैसे जमा करवाने होंगे। इसके बाद उन्हें गाड़ी का सुपुर्दनामा और एक सर्टीफिकेट दिया जाएगा। इसके जरिए आरटीओ में गाड़ी का नए सिरे से रजिस्ट्रेशन हो जाएगा और अपनी पसंद का नंबर ले सकेंगे।



