रायपुर के लिए GOOD NEWS : टाटीबंध से तेलीबांधा तक रिंगरोड के दोनों ओर सर्विस रोड की चौड़ाई दोगुनी होगी… अभी चौड़ाई 5 मीटर, बढ़कर 10 मीटर हो जाएगी
रायपुर के लिए एक अच्छी खबर यह है कि टाटीबंध से तेलीबांधा तक रिंग रोड-1 की सभी सर्विस रोड की चौड़ाई दोगुनी करने का प्रोजेक्ट दिल्ली में केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने मंजूर कर दिया है। रिंग रोड की सर्विस रोड सुबह और शाम को बुरी तरह जाम रहने लगी हैं क्योंकि इन पर ट्रैफिक काफी बढ़ चुका है और चौड़ाई कम पड़ रही है। चौड़ाई बढ़ाने के लिए 100 करोड़ रुपए का प्रोजेक्ट मंजूर किया गया है। चौड़ाई नेशनल हाईवे अथारिटी की तरफ से बढ़ाई जाएगी। इसका टेंडर हो चुका है। ठेकेदारों को वर्क आर्डर भी जारी किए जा रहे हैं, ताकि काम तुरंत शुरू करके 2027 में जून तक पूरा कर लिया जाएगा।
अृभी रिंग रोड -1 की सभी सर्विस रोड्स की औसत चौड़ाई लगभग 5.5 मीटर (17-18 फीट) तक है। यह चौड़ाई बढ़ाकर 10 मीटर की जा रही है यानी 30 फीट से ज्यादा। अधिकांश सर्विस रोड के किनारे चौड़ाई बढ़ाने के लिए जगह मिलने में दिक्कतें हैं। कुछ स्पाट्स पर ही जगह नहीं है। लेकिन वहां जितनी चौड़ाई बढ़ाई जा सकती है, उतनी कर दी जाएगी। नेशनल हाईवे अथारिटी इस प्रोजेक्ट में अधिगृहण वगैरह के चक्कर में नहीं पड़ेगी। दरअसल रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल तथा प्रदेश सरकार भी केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर अवगत करा चुके हैं कि रिंग रोड नंबर-1 की सर्विस रोड्स की चौड़ाई कम होने की वजह से रोजाना भयंकर जाम के हालात बन रहे हैं। सांसद अग्रवाल तथा सरकार के प्रयासों से चौड़ीकरण का वर्क ऑर्डर भी जारी किया जा रहा है। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे राजधानीवासियों को बड़ी राहत मिलेगी।



