आज की खबर

पांच साल की बच्ची को बोरी में बांधकर खंडहर में फेंका… पुलिस ने चप्पा-चप्पा छाना, बोरी से पांव बाहर था, इसलिए मिली… दुर्ग-भिलाई में सनसनी

(फाइल फोटो, किसी और घटना की)

छत्तीसगढ़ में दुर्ग के उतई में शुक्रवार को हुई एक घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। दुर्ग पुलिस को आज दोपहर 2 बजे सूचना मिली कि बंजारीपारा से 5 साल की एक बच्ची गायब है। जगह-जगह ढूंढने पर भी नहीं मिली है। मामला संवेदनशील था, इसलिए माहिर पुलिस अफसरों को मौके पर भेजा गया। कुछ देर की जांच और पूछताछ के बाद बच्ची की तलाश शुरू हुई। करीब एक घंटे में बोरी में बंधी हुई बेहोश यही बच्ची मोहल्ले के एक खंडहर में झाड़ियों के बीच मिली। दुर्ग एएसपी सुखनंदन राठौर ने बताया कि बच्ची बचा ली गई है। गनीमत थी कि बोरी से उसका एक पांव थोड़ा बाहर निकला था, इसलिए नजर आ गई। शुरुआती जांच में बच्ची के साथ गलत हरकत की कोशिश का भी पता चला है, लेकिन बच्ची पूरी तरह सुरक्षित है।

पांच साल की बच्ची के गुम होने के बाद पूरे इलाके में बच्चा चोर की अफवाह भी फैल गई थी। बच्ची को जिस जगह बोरी में बांधकर फेंका गया था, वहां काफी पुलिस तैनात है और सबूत जुटाए जा रहे हैं। शक पर छापे भी शुरू किए गए हैं। एक संदेही को पकड़ा गया है और पूछताछ चल रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि बच्ची को किस तरह ले जाया गया, बोरी में कब बांधकर झाड़ियों में फेंक दिया गया। अगर पुलिस बारीकी से जांच नहीं करती और बच्ची का पांव बोरी के बाहर नजर नहीं आता, तो बड़ी घटना भी हो सकती थी जो टल गई। चूंकि मामला संवेदनशील है, इसलिए पुलिस पूरी जांच में गोपनीयता बरत रही है। मीडिया के पास उतनी ही जानकारी है, जितनी एएसपी ने शेयर की है। साथ ही, अफसरों ने अपील की है कि बच्चे बाहर खेल भी रहे हों, तो उन पर किसी न किसी की नजर होनी चाहिए।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button