आज की खबर

राजधानी में भाजपा के नेतृत्व में भीड़भरी तिरंगा यात्रा… पाकिस्तान की करारी हार और भारत की जीत का जयघोष

भारत की पाकिस्तान पर हार मोर्चे पर जीत का जश्न मनाते हुए राजधानी रायपुर में बुधवार को तिरंगा यात्रा निकाली गई। भाजपा के नेतृत्व में इस तिरंगा यात्रा के दौरान युद्ध में भारतीय सेना के शौर्य और जीत का जश्न मनाया गया। ऑपरेशन सिंदूर की कामयाबी का उल्लेख करते हुए सीएम विष्णुदेव साय ने कहा कि आतंकवाद के विरुद्ध छेड़े गए निर्णायक संघर्ष में हमारी सेनाओं ने अद्भुत शौर्य का प्रदर्शन किया है। जिस तरह से शत्रु के सैन्य इंफ्रास्ट्रक्चर को हमारी सेना ने चोट पहुंचाई, जिस तरह से आतंकवादियों के ठिकानों पर चुन-चुनकर सेना द्वारा प्रहार किया गया, उससे पीएम मोदी के नेतृत्व में देश का मान पूरी दुनिया में बढ़ा है। तिरंगा यात्रा में सांसद ब्रजमोहन अग्रवाल और भाजपा अध्यक्ष किरण देव सिंह समेत कई मंत्री, विधायक और बड़ी संख्या में शहर के लोग तथा भाजपा नेता शामिल हुए।

पहलगाम हमले के बाद भारतीय सेना के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता को लेकर मंच द्वारा प्रदेशभर में तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। बुधवार को राजधानी में आहूत तिरंगा यात्रा में भारी संख्या में सर्व समाज, साधु-संतों, सैनिक परिवारों की सहभागिता रही। राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए जो राष्ट्र की सुरक्षा करते हैं उनके लिए भारत की 140 करोड़ जनता संबल बन कर खड़ी है, यह संदेश इस यात्रा से दिया गया। हाथों में तिरंगा लिए शहरवासी हमारे सेना के जवानों के चित्र लेकर चल रहे थे और सेना के जवानों को धन्यवाद दे रहे थे।

अपने संबोधन में सीएम साय ने कहा कि इस निर्णायक लड़ाई में भारत की कूटनीति का लोहा भी दुनिया ने माना है। पहलगाम घटना के बाद पूरी दुनिया ने पाकिस्तान के कुकृत्य की निंदा की और भारत का साथ दिया। हमारी शानदार कूटनीति के चलते पाकिस्तान दुनिया में अलग-थलग पड़ गया। हमारे विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने दुनियाभर के राजनीतिज्ञों से चर्चा की। श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जिस तरह से आक्रमण की रणनीति बनाई, उससे शत्रु हक्का बक्का रह गया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा सभी देशों ने माना है कि निर्णय लेने की क्षमता किस प्रकार होती है भारत से सीखना चाहिए। पहलगाम में जिस तरीके से पाकिस्तान से आकर कुछ आतंकवादियों ने एक बहुत ही कायराना हरकत की, हमारे देश की विभिन्न प्रांतो से पहुंचे निर्दोष पर्यटकों को धर्म पूछकर मारा, उसका परिणाम पाकिस्तान को भोगना पड़ा। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि तिरंगा यात्रा के माध्यम से पाकिस्तान को यह संदेश है अगर तुम हाथ उठाओगे तो तुम्हारे हाथ काटने की ताकत हममें है। अगर तुम गोली चलाओगे तो हम गोला दागेंगे। यात्रा में डिप्टी सीएम अरुण साव, केंद्रीय मंत्री तोखन साहू, मंत्री रामविचार नेताम, केदार कश्यप, ओपी चौधरी ,श्याम बिहारी जायसवाल, टंकराम वर्मा, लक्ष्मी राजवाड़े तथा भाजपा संगठन से संजय श्रीवास्तव, शिवरतन शर्मा,रामू रोहरा, नंदन जैन,महापौर मीनल चौबे, मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी, सह प्रभारी अनुराग अग्रवाल तथा चेंबर नेता अमर पारवानी भी शामिल हुए।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button