सिमटते माओवाद पर पीएम मोदी को अपडेट देंगे सीएम साय… दो दिन के लिए दिल्ली गए, कैबिनेट विस्तार पर नहीं होगी बात
छत्तीसगढ़ में शीर्ष नक्सल कमांडरों को एक के बाद एक मार गिराने के बाद अभी बस्तर में माओवादियों की स्थिति पर पीएम नरेंद्र मोदी को अपडेट करने के लिए छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय शुक्रवार को दोपहर दिल्ली रवाना हो गए हैं। सीएम साय की पीएम मोदी से मुलाक़ात कल, शनिवार को सुबह हो सकती है। सूत्रों के अनुसार सीएम साय आज रात केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से भी मिलेंगे। पीएम मोदी और गृहमंत्री शाह ने छत्तीसगढ़ में मार्च 2026 तक नक्सलवाद के खात्मे का लक्ष्य रखा है। इसके साथ साथ बस्तर में विकास के रोडमैप पर भी काम चल रहा है। पीएम मोदी और गृहमंत्री शाह से मिलकर सीएम साय जिन बिंदुओं पर जानकारी देंगे, उनमे अहम मुद्दा नक्सलवाद का खात्मा और बस्तर विकास ही होगा। सीएम साय के इस प्रवास में कैबिनेट विस्तार या अन्य राजनैतिक चर्चाएं होने की कोई सूचना नहीं है।
सीएम साय ने दिल्ली रवाना होने से पहले मीडिया से बातचीत में पीएम मोदी से संभावित मुलाकात की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि बस्तर में बड़े माओवादियों को न्यूट्रलाइज़ करने के अलावा वहाँ का विकास भी बातचीत के दौरान अहम बिंदु होगा। सीएम साय ने बसव राजू के बाद सुधाकर के मारे जाने पर जवानों को बधाई देते हुए उनके हौसले को नमन किया है।



