रायपुर निगम में बिल्डिंग नक्शे, कुछ टैक्स पेमेंट, कई तरह के पंजीयन लगभग बंद… वार्डों का परिसीमन सेट करने में 15 दिन से फंसा है आनलाइन एक्सेस… सोमवार से नार्मल होने की संभावना

राजधानी के नगर निगम में चुनाव से पहले हुए परिसीमन का कामकाज पर असर अब नजर आ रहा है। परिसीमन की वजह से कई वार्डों टूटे हैं और टुकड़े इधर-उधर मिले हैं। गाइडलाइन रेट, जमा किए गए नक्शे और कुछ शुल्क वार्डों की सीमाओं पर आधारित रहते हैं। निगम के आनलाइन सिस्टम में वार्डों की सीमा पिछले 15 दिन से सेट की जा रही है। इस वजह से आनलाइन होने वाले तथा वार्डों की सीमाओं से प्रभावित रहने वाले अधिकांश काम बंद हैं। इनमें कुछ जगहों का संपत्ति कर भुगतान, बिल्डिंग अनुमति, व्यापार लाइसेंस, जन्म-मृत्यु पंजीयन, शिकायत निवारण जैसे काम हैं, जिनके लिए निगम की अधिकारिक वेबसाइट या एप पर एक्सेस करना होता है। शुक्रवार की रात निगम अफसरों ने दावा किया कि परिसीमन सेट कर लिया गया है। वेबसाइट को इसके अनुरूप किया जा रहा है। इसलिए जो भी काम रुके हुए हैं, सोमवार से उनके शुरू होने की संभावना है।
पिछले वित्तीय वर्ष में सभी वार्ड अपनी पुरानी सीमाओं के अनुसार दर्ज थे, क्योंकि परिसीमन नहीं हुआ था। नगरीय चुनाव फरवरी में हुए, उससे कुछ समय पहले नया परिसीमन नोटिफाइड किया गया। इसमें अधिकांश वार्डों की सीमाएं बदल गईं। चूंकि फाइनेंशियल इयर खत्म नहीं हुआ था, इसलिए वार्डों की सीमाएं अभी तक पुरानी ही चल रही थीं। इसे बदलना बड़ा टास्क था, जिसे सूत्रों के अनुसार 1 मई से शुरू किया गया। इस वजह से आनलाइन नक्शे, कई जगह संपत्ति कर समेत कई काम लगभग बंद हो गए, जो आज तक शुरू नहीं हो सके हैं। द स्तम्भ को निगम के आला अफसरों ने बताया कि पूरा काम शुक्रवार, 16 मई को फाइनल कर लिया गया है। आनलाइन सिस्टम में वार्ड नई सीमाओं के साथ नजर आने लगे हैं। यह काम शनिवार को भी चलेगा, ताकि सोमवार से नए परिसीमन के हिसाब से निगम का सिस्टम काम करने लगे। इसके बाद जितने भी रुके हुए काम हैं, सब शुरू कर दिए जाएंगे।