कवर्धा जिला पंचायत के 14 में से 6 वार्डों में चुनाव… सभी में भाजपा समर्थित प्रत्याशी जीते

जिला पंचायत सदस्यों के लिए पहले चरण में सोमवार को हुए मतदान के नतीजे धीरे-धीरे आने लगे हैं। कवर्धा जिला पंचायत सदस्यों के लिए पहले चरण के नतीजे आ गए हैं। वहां 14 में से 6 सदस्यों के लिए चुनाव हुए थे। सभी में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है। इन चुनावों में जिला पंचायत क्षेत्र के 10, 11 और 14 नंबर वार्डों की चर्चा ज्यादा थी। वार्ड 10 में भाजपा नेता कैलाश चंद्रवंशी ने बड़ी जीत दर्ज की है। इसी तरह, वार्ड 11 में भाजपा के ही दो नेताओं में मुकाबला हुआ था। इसमें वीरेंद्र साहू ने अपनी ही पार्टी के दिनेश चंद्रवंशी को हरा दिया है। यहां चुनाव रोचक रहा, क्योंकि पार्टी ने पहले चंद्रवंशी को अधिकृत किया था। बाद में भाजपा के ही विरेंद्र मैदान से नहीं हटने पर अड़ गए, तो भाजपा ने समर्थन विथड्रा किया और दोनों को लड़ने की स्वतंत्रता दे दी। इसी तरह, एक और चर्चित वार्ड 14 से कांग्रेस समर्थित कलीम खान को भाजपा समर्थित उम्मीदवार ईश्वरी साहू ने हरा दिया। वार्ड नंबर 9 में भाजपा समर्थित सुमित्रा विजय पटेल विजयी घोषित की गई हैं। इसी तरह, वार्ड नंबर 12 से भाजपा समर्थित रोशन दुबे को जीत मिली है। वार्ड नंबर 13 में भाजपा की राजकुमारी राजेंद्र साहू को विजय हासिल हुई है। सोमवार की रात कवर्धा पहुंचे भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव ने पार्टी के विजय प्रत्याशियों को बधाई दी है। कवर्धा जिला पंचायत की बची हुई 8 सीटों पर अब अगले चरण यानी 20 फरवरी को मतदान हो जाएगा। अभी जिन सीटों पर चुनाव हुआ, वह कवर्धा और लोहारा तथा लगे हुए मैदानी इलाके थे। बचे हुए आठ वार्डों में जंगल एरिया तथा पंडरिया का बड़ा क्षेत्र है।