आज की खबर

बड़ी खबर : रायपुर में गेट (GATE) परीक्षा में नकल, हरियाणवी गैंग का पर्दाफाश… सरोना इलाके के सेंटर में ब्लूटूथ से नकल की तैयारी थी, 6 गिरफ्तार

रायपुर से अभी अभी राष्ट्रीय स्तर की खबर आई है कि आज यानी रविवार को हो रहे गेट (GATE) एग्जाम में नकल करवाने आए हरियाणा के गिरोह का कमिश्नरेट पुलिस ने सरोना इलाके में निगरानी कर भंडाफोड़ कर दिया है। इन्हें परीक्षा शुरू होने से पहले ही दबोच लिया गया। पुलिस ने गिरोह में शामिल युवकों के नाम दर्शन सहवाग उम्र 26 साल, साकिन छुडानी बहादुरगढ़ जिला झज्जर हरियाणा, सुमित सहवाग, उम्र 30 साल, तहसील बहादुरगढ़ जिला झज्जर हरियाणा, लक्ष्मीनारायण उर्फ लक्की उम्र 36 साल, पता भुना थाना भुना जिला, फतेहाबाद हरियाणा, अमर उम्र 32 साल, ग्राम भुना थाना भुना जिला फतेहाबाद हरियाणा, नरेंद्र कुमार उम्र 29 साल, ग्राम निगानी खेड़ा तहसील व थाना हिसार हरियाणा और, बंटी कुमार उम्र 38 साल, पता ग्राम भुना थाना भुना जिला फतेहाबाद हरियाणा बताए गए हैं। इस गैंग में और लोगों के शामिल रहने की आशंका है, इसलिए अफसरों ने ज्यादा जानकारियां साझा नहीं की हैं।

छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में हरियाणा के गिरोह के पकड़े जाने से पुलिस के कान खड़े हो गए हैं, क्योंकि कुछ दिन बाद यहां पीएससी की प्रीलिम्स परीक्षा होने वाली है। जहां तक ताजा मामले का सवाल है, रायपुर पुलिस को भनक लगी थी कि GATE परीक्षा के दौरान यहां इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से नकल कराने की तैयारी है। इस सूचना के बाद डीसीपी पश्चिम संदीप पटेल , डीसीपी क्राइम स्मृतिक राजनाला और एडीसीपी पश्चिम राहुलदेव शर्मा की संयुक्त निगरानी में टीमों को लगाया गया। पुलिस की कई टीमों ने परीक्षा केंद्र के आसपास निगरानी रखी। इस दौरान परीक्षा केंद्र आयन डिजिटल जोन, सरोना के पास कुछ युवकों को पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के साथ राउंडअप किया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि ये लोग नकल के लिए आए थे। पूछताछ में आरोपियों ने भीतर परीक्षा दे रहे साथियों के नाम बताए। इन आधार पर केंद्र में परीक्षार्थियों को पकड़ा गया तो उनसे ब्लूटूथ डिवाइस मिल गईं। गैंग ने इन परीक्षाथियों को ब्लूटूथ से बाहर बैठकर प्रश्नों के उत्तर उपलब्ध करवाने की पूरी तैयारी कर ली थी। यह पूरा गेम मोटी रकम लेकर बनाया गया था। फिलहाल पुलिस ने 3 ब्लूटूथ इयर डिवाइस (अत्यधिक छोटे), चार ब्लूटूथ इलेक्ट्रानिक डिवाइस, आठ फोन, कुछ और इलेक्ट्रानिक डिवाइस तथा नकल से संबंधित सामग्री पकड़ी है। फिलहाल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जा रहा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button