बिलासपुर में 100 करोड़ की एजुकेशनल सिटी… इसमें 4800 बच्चों को कोचिंग फैसिलिटी, नालंदा परिसर भी… सीएम साय का बड़ा ऐलान

छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में विष्णुदेव साय सरकार आधुनिक एजुकेशन सिटी बनाने जा रही है। प्रदेश में यह अपनी तरह का पहला प्रोजेक्ट होगा। सीएम साय ने बताया कि 13 एकड़ में बनने वाली इस एजुकेशनल सिटी में नालंदा परिसर की स्थापना की जाएगी, जहां 500 छात्र-छात्राएं फिजिकल एवं डिजिटल लाइब्रेरी का लाभ ले सकेंगे। तीन बहुमंजिला इमारतों का निर्माण किया जाएगा, जिनमें कुल 48 हॉल सेटअप ( 1 सेटअप में 1 हॉल, 2 कक्ष और 1 टॉयलेट) बनाए जाएंगे। इस तरह, परिसर में एक साथ 4,800 विद्यार्थियों के कोचिंग क्लास अटेंड करने की सुविधा रहेगी।
सीएम साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और छात्रों के सर्वांगीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। सीएम साय के दिशानिर्देश पर बिलासपुर में एजुकेशनल सिटी का कॉन्सेप्ट तैयार किया गया है। बताया गया कि यहाँ छात्रों के शैक्षणिक एवं व्यक्तित्व विकास के लिए 700 सीटों वाले आधुनिक ऑडिटोरियम का निर्माण भी किया जाएगा। बाहर से आने वाले लगभग 1000 विद्यार्थियों के लिए हॉस्टल फैसिलिटी भी निर्मित की जाएगी। एजुकेशनल सिटी में एस्ट्रोटर्फ खेल मैदान तथा सुंदर गार्डन भी विकसित किए जाएंगे। साथ ही, वाहनों के लिए मल्टी लेवल पार्किंग की व्यवस्था होगी ताकि आने-जाने में कोई असुविधा न हो। इस महत्वाकांक्षी परियोजना की अनुमानित लागत करीब 100 करोड़ रुपये होगी और इसके निर्माण कार्य की कार्य योजना नगर पालिक निगम बिलासपुर द्वारा तैयार कर ली गई है। शीघ्र ही निर्माण कार्य प्रारंभ होगा, जिससे बिलासपुर एजुकेशनल सिटी प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में नई मिसाल कायम करेगी।



