जमीन के लिए बुजुर्ग किसान ने जहर खाया, सुहेला तहसीलदार सस्पेंड… जमीन पर कब्जे के लिए महीनों चक्कर लगाने का मामला
(फोटो: रायपुर में चल रहा किसान का इलाज)
राजधानी से कुछ दूर सुहेला के तहसील दफ्तर परिसर में पिछले दिनों कीटनाशक पीकर जान देने की कोशिश करने वाले बुजुर्ग किसान हीरालाल से जुड़े मामले की जांच के बाद राजस्व विभाग ने सुहेला तहसीलदार कुणाल सेवइया को सस्पेंड कर दिया है। सस्पेंशन के अलावा तहसीलदार को जिले से बाहर अटैच किया गया है, जहां निलंबन अवधि के दौरान उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा। तहसीलदार का सस्पेंशन आर्डर मंत्रालय से जारी हुआ है। किसान का अभी रायपुर के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। किसान हीरालाल के बेटे मालिकराम साहू ने ने बताया कि उसके पिता जमीन पर कब्जे को लेकर काफी अरसे से तहसील कार्यालय जा रहे थे। जिस दिन किसान ने कीटनाशक खाया, उस दिन वह तहसीलदार से मिला था और जमीन के बारे में बातचीत की थी। इस दौरान विवाद होने पर तहसीलदार ने किसान को जेल भेजने की चेतावनी दे दी थी। बेटे मालिकराम का आरोप है कि गुस्साए तहसीलदार ने यह भी कहा था कि तुम मेरी शिकायत सभी तरफ कर चुके हो, लेकिन उससे होगा क्या। इसके बाद किसान ने तहसील कार्यालय में ही कीटनाशक पीकर जान देने की कोशिश की। यह मामला अभी विभागीय जांच में है, लेकिन प्रथमदृष्टया दोषी मानते हुए उसे निलंबित किया गया है।



