आज की खबर

कमल विहार के खतरनाक सन्नाटे में फिर मिली नाबालिग की लाश… शरीर पर चोटें नहीं पर दुष्कर्म-हत्या की आशंका

कमल विहार में सेक्टर-4 के सूने इलाके में महिला की हत्या को दो माह भी नहीं बीते हैं कि मंगलवार को सेक्टर-1 के तालाब और फिल्टर प्लांट वाले इलाके में नाबालिग लड़की का शव मिला है। शव जिस स्थिति में मिला, उस आधार पर पुलिस अफसरों को आशंका है कि दुष्कर्म के बाद हत्या का मामला है। लड़की के पहनावे के हिसाब से अनुमान लगाया जा रहा है कि वह निम्न वर्ग से होगी। उसके शरीर पर चोटों या धारदार हथियारों के निशान नहीं है। शव के पास से कोई आईडी नहीं मिली है और न ही पहचान हो रही है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक पुलिस को उसकी पहचान के बारे में कुछ क्लू मिले हैं, जो बताते हैं कि लड़की आसपास नहीं बल्कि शहर के दूसरे हिस्से से लाई गई होगी। आशंका है कि सोमवार की शाम-रात को उसकी हत्या की गई।

कमल विहार विशाल कालोनी है और इसके बड़े हिस्से में सैकड़ों मकान बन चुके हैं, बन रहे हैं और हजारों लोग शिफ्ट हो चुके हैं। बड़े इलाके में चहल-पहल हो गई है, लेकिन कई-कई एकड़ के दो-चार पैच बियाबान पड़े हैं। पुलिस वगैरह का मूवमेंट नहीं होने से आवारा, नशेड़ियों ने अन्य गलत गतिविधियों में लिप्त रहनेवाले लड़कों ने इन्हीं पैचेस को अड्डा बना रखा है।  लड़की का शव पुराना धमतरी रोड से सेक्टर-1 आने वाले मुख्य मार्ग के किनारे झाड़ियों में देखा गया, यह इलाका भी उसी तरह रात में बियाबान रहता है। मकान नहीं बने हैं, इसलिए रात में स्ट्रील लाइटें भी बंद रहती हैं पर सड़कों वगैरह का साफ-सुथरा नेटवर्क है। जहां शव मिला, वहां कंबल वगैरह भी मिले हैं। सड़कों और पुलिस के पीछा करने पर भागने के आसान रास्तों की वजह से देर रात इन इलाकों में आसपास ही नहीं बल्कि दूरदराज से भी आवारा लड़कों का बाइक पर दो-तीन सवारी आना-जाना देखा जा सकता है। लोगों का कहना है कि पिछले कुछ समय से बेहद सूने इस इलाके में आते-जाते आटो और ई-रिक्शे भी दिखने लगे हैं, उनमें लड़कों के साथ लड़कियां-महिलाएं भी नजर आ जाती हैं। पुलिस का अनुमान है कि लड़की के साथ एक या अधिक लड़के भी होंगे, जो भाग निकले। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फूटेज खंगाल रही है। यह संभावना है कि आसपास के कैमरों में एक न एक फूटेज जरूर होगा, जिससे पता चल सकेगा कि लड़की किस साधन से यहां पहुंची। टिकरापारा पुलिस ने दोपहर में ही लड़की का शव अंबेडकर अस्पताल भिजवाया और पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं। अफसरों का कहना है कि लड़की के साथ जो भी आए होंगे, उनका पता जल्दी ही चल जाएगा और उसकी मृत्यु के कारणों का खुलासा हो जाएगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button