भारत के रतन टाटा रहेंगे हम सबके दिल में
रतन टाटा की जगह कोई नहीं ले सकता, फिर भी... हाफ ब्रदर नोवेल होंगे उत्तराधिकारी
देश, एशिया और दुनिया ने विजनरी उद्योगपति रतन टाटा को बुधवार रात साढ़े 12 बजे खो दिया है। पद्मविभूषण रतन टाटा ने 86 साल की उम्र में मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में अंतिम सांसें लीं। रतन टाटा के साथ ही देश के उद्योग जगत में एक बड़ा अध्याय खत्म हो गया। रतन टाटा के पार्थिव शरीर को मुंबई के एनसीपीए लान में अंतिम दर्शन के लिए शाम 4 बजे तक रहेगा। इसके बाद उनके अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय तक, पूरे देश ने रतन टाटा के निधन को देश की अपूरणीय क्षति बताया है। उनके अंतिम संस्कार में देश के गृहमंत्री अमित शाह समेत देश-विदेश की नामी हस्तियों के मौजूद रहने की संभावना है। महाराष्ट्र सरकार ने रतन टाटा के निधन पर राजकीय शोक घोषित करते हुए राजकीय सम्मान के साथ उनकी अंत्येष्टि की तैयारी शुरू कर दी है। महाराष्ट्र विधानसभा ने रतन टाटा को भारत रत्न घोषित करने का प्रस्ताव भी पास कर दिया है। टाटा ग्रुप में रतन टाटा की जगह कोई नहीं ले सकता, फिर भी पूरे देश देख रहा है कि रतन टाटा का उत्तराधिकारी कौन होगा। फिलहाल संभावना है कि उनके हाफ ब्रदर नोवेल टाटा को उत्तराधिकारी बनाया जा सकता है।
नोवेल टाटा को मिल सकता है उत्तराधिकार
टाइम्स आफ इंडिया ने लिखा है कि रतन टाटा के हाफ ब्रदर नोवेल टाटा (67) के उत्तराधिकारी होने की संभावना सबसे ज्यादा है। बताते हैं कि नवल एच टाटा और सीमोन एन टाटा के बेटे नोवेल टाटा को टाटा ट्रस्ट ग्रुप का बोर्ड नया चेयरमैन अपाइंट कर सकता है। रतन टाटा ने अपने उत्तराधिकारी का नाम नहीं बताया था, इसलिए बोर्ड यह निर्णय लेगा। बता दें कि टाटा ग्रुप की संपत्ति 165 बिलियन डालर है। देश में आटोमोबाइल्स और एविएशन के साथ-साथ कई और क्षेत्रों में टाटा के प्रोडक्ट टाप पर हैं।