आज की खबर

बड़ी खबर… अबूझमाड़ में नक्सलियों की पूरी की पूरी 6 नंबर कंपनी साफ… 35 माओवादी मारे गए, 32 के शव मिले

अबूझमाड़ में नारायणपुर और दंतेवाड़ा जिलों की सीमा पर पिछले 7 घंटे से चल रही मुठभेड़ में इलाके में सक्रिय नक्सलियों की पूरी की पूरी 6 नंबर कंपनी का सफाया होने की खबर आ रही है। फोर्स के साथ दोपहर 1 बजे से चल रही मुठभेड़ में अब तक 35 नक्सलियों के मारे जाने की सूचना है, जिनमें से 32 शव बरामद किए जा चुके हैं। उच्चपदस्थ सूत्रों के मुताबिक गोलीबारी अब काफी कम हो चुकी है तथा अधिकांश नक्सली मारे जा चुके हैं। इसे अब तक छत्तीसगढ़ में मुठभेड़ में फोर्स की सबसे बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। इस आपरेशन में डीआरजी और छत्तीसगढ़ एसटीएफ के साथ-साथ दंतेवाड़ा, नारायणपुर तथा सीआरपीएफ-बीएसएफ के भी शामिल रहने की सूचना है।

तकरीबन 500 जवान पिछले दो दिन से सर्चिंग कर रहे थे, तभी शुक्रवार को सुबह जंगल में नक्सलियों के बड़े जमावड़े की सूचना पर फोर्स जंगल में भीतर घुसी और घेरा डाल दिया। इस घेरे में नक्सलियों की पूरी कंपनी फंस गई। नक्सलियों की तरफ से हुए फायर के बाद फोर्स ने ताबड़तोड़ जवाबी हमला किया, जिसके आगे नक्सली टिक नहीं पाए हैं। गोलियां अब भी चल रही हैं, फोर्स डटी हुई है। जंगल से जो सूचना आ रही है, उसके मुताबिक 35 नक्सली मारे जा चुके हैं, जिनमें से 32 के शव भी मिल गए हैं। मुठभेड़ के साथ जवान सर्चिंग भी कर रहे हैं। फोर्स के कल सुबह दंतेवाड़ा या नारायणपुर जिला मुख्यालय में नक्सलियों के शव लेकर पहुंचने की संभावना है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button