न्यूज रील…बेमेतरा मृतकों को कंपनी देगी 30-30 लाखः गद्दा फैक्ट्री में आग से 2 मृतः बस्तर मुठभेड़ में 2 माओवादी ढेर
सीएम विष्णुदेव साय ने बुधवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर जानकारी दी कि बेमेतरा के बोरसी में हुए बारूदी धमाके में 1 मृत तथा 8 लापता मजदूरों के प्रबंधन को कंपनी ने 30-30 लाख रुपए मुआवजा देने की घोषणा की है। सीएम साय ने कहा कि यह राशि शासन की ओर से जारी 5-5 लाख रुपए के मुआवजे के अतिरिक्त है। इस बीच, नेता प्रतिपक्ष डा. चरणदास महंत ने मांग की है कि बेमेतरा ब्लास्ट में मृत श्रमिकों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपए मुआवजा मिलना चाहिए। उन्होंने हादसे के चौथे दिन भी एफआईआर नहीं होने पर सवाल उठाए हैं।
फोम में आग ऐसी फैली, निकल नहीं पाईं महिलाएं
राजधानी के गोंदवारा इलाके में बुधवार को दोपहर गद्दे बनाने वाली फोम फैक्ट्री गुरुनानक मैट्रैस में लगी आग से 2 महिला श्रमिकों यमुना और रामेश्वरी की मौके पर ही जलकर मृत्यु हो गई। दोनों महिलाएं सरोरा गांव की थीं। आग इतनी तेजी से फैली कि महिलाएं निकल नहीं पाईं और चपेट में आ गईं। वहां 5 और मजदूर थे, जिन्हें बचाया गया। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड और पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल शार्ट सर्किट से आग लगने का शक है, लेकिन पुलिस ने कहा कि जांच के बाद ही कारण के बारे में कुछ कहा जा सके।
मारी गई महिला माओवादी 8 लाख की ईनामी थी
बीजापुर के बरदेपारा में बुधवार को सुबह फोर्स के साथ मुठभेड़ में दो माओवादी मारे गए हैं। मुठभेड़ करीब एक घंटा चली, इसके बाद माओवादी दोनों के शव छोड़कर भाग निकले। दोनों माओवादियों की पहचान कर ली गई है। इनमें महिला का नाम मनीला बताया गया है। उस पर 8 लाख रुपए का ईनाम था। इसी तरह, दूसरे की पहचान मंगलू कुड़ियम के रूप में हुई है। कुछ साल पहले दंतेवाड़ा की जेल तोड़कर जो नक्सली फरार हुए थे, पुलिस का दावा है कि उनमें मंगलू भी था। माओवादियों के शव बीजापुर लाए जा रहे हैं।