आम चुनाव

भाजपा में आईं वाणी, रावटे, ऊषा और अरुणा ने कांग्रेस पर किए तीखे हमले

वैचारिक रूप से कमजोर तथा सत्तालोलुप लोग दलबदल करते हैंः सुशील आनंद

पिछले दो हफ्ते में कांग्रेस की कई नेत्रियां भाजपा में शामिल हो चुकी हैं। इनमें छत्तीसगढ़ की पूर्व महिला कांग्रेस अध्यक्ष अनिता रावटे,  बिलासपुर की पूर्व महापौर वाणी राव, महासमुंद जिला पंचायत अध्यक्ष ऊषा पटेल और अरुणा शुक्ला ने गुरुवार को कांग्रेस पर महिलाओं को छलने का आरोप लगाते हुए तीखे वार किए हैं। चारों नेत्रियों में संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि कांग्रेस ने महिलाओं को हमेशा छल-कपट के जरिए वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया। कदम-कदम पर महिलाओं के साथ विश्वासघात किया गया। यही नहीं, कांग्रेस ने आम महिलाओं के लिए भी जितने वादे किए थे, एक भी पूरा नहीं किया और अब फिर बड़े-बड़े वादे कर महिलाओं को घेरने की कोशिश की जा रही है।

रायपुर में भाजपा के केंद्रीय कार्यालय एकात्म परिसर में अनिता रावटे, वाणी राव, ऊषा पटेल और अरुणा शुक्ला ने कांग्रेस से पूछा कि देश को क्यों नहीं बता रहे हैं कि 50 करोड़ से ज्यादा महिलाओं को हर साल 1 लाख रुपए कैसे दिए जाएंगे, जबकि देश का कुल बजट ही इतनी राशि का है। भाजपा में हाल में आई इन नेत्रियों ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने गंगा मैया की सौगंध खाकर महिलाओं से धोखा कर दिया, तभी मन में यह बात आ गई थी कि इस पार्टी में नहीं रहना है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने गंगाजल की सौगंध खाकर छत्तीसगढ़ में पूर्ण शराबबंदी का वादा किया था, पर भूपेश सरकार को ही शराब की लत लग गई। शराबबंदी के नाम पर महिलाओं के साथ विश्वासघात करने वाली पूर्ववर्ती सरकार ने शराब में ही घोटाला कर दिया। पूर्ववर्ती भूपेश सरकार पर हमलावर महिला नेत्रियों ने यह आरोप भी लगाया कि पिछले पाँच साल के कार्यकाल में महिलाओं के साथ अनाचार, दुर्व्यवहार और हिंसा होती रही पर तत्कालीन कांग्रेस सरकार आँखें मूंदे बैठी रही।

कांग्रेस में 19 लाख से ज्यादा निष्ठावान कार्यकर्ताओं की फौजः सुशील आनंद

इस बीच, प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के पास निष्ठावानों की फौज है. 19 लाख से अधिक कार्यकर्ता हैं। किसी के आने-जाने से कांग्रेस को कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने कहा कि वैचारिक रूप से कमजोर तथा सत्तालोलुप लोग दलबदल करते हैं। सुशील आनंद ने यह भी कहा कि कांग्रेस से दलबदल कर नेता भाजपा में जा रहे हैं, तो इससे भाजपा के मूल और पुराने कार्यकर्ता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। भाजपा को इसका दुष्परिणाम भी भुगतना पड़ेगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button