आज की खबर

पहली बार 📘 आरोपी को अरेस्ट करने दुबई जाएगी छत्तीसगढ़ पुलिस… IG अमरेश मिश्रा, ACB-EOW के 3 डीएसपी जाएंगे… शराब स्कैम में विकास अग्रवाल को लाएंगे यूएई से

छत्तीसगढ़ के इतिहास में ऐसा पहली बार होगा कि किसी मामले के आरोपी को पकड़कर लाने के लिए यहाँ से पुलिस टीम दुबई जा रही है। प्रदेश के बहुचर्चित शराब स्कैम में 2023 से फरार चल रहे आरोपी विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू (शिब्बू) को दुबई में गिरफ्तार किया गया है। उसे डिपोर्ट (निर्वासन) कर भारत लाने की तैयारी तेज हो गई है। इसी सिलसिले में ACB और EOW चीफ अमरेश मिश्रा के नेतृत्व में तीन डीएसपी (DSP) की विशेष टीम दुबई जाने वाली हैं। टीम के सदस्यों के लिए आधिकारिक पासपोर्ट (व्हाइट कवर पासपोर्ट) और सभी कानूनी दस्तावेज तैयार कर लिए गए हैं। हालांकि, जांच की संवेदनशीलता और सुरक्षा कारणों से इन डीएसपी के नाम अभी सार्वजनिक नहीं किए गए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार संयुक्त अरब अमीरात (UAE) प्रशासन ने विकास अग्रवाल को हिरासत में लेने के बाद प्रत्यर्पण (Extradition) की लंबी प्रक्रिया के बजाय सीधे डिपोर्टेशन (निर्वासन) के तहत भारत सौंपने का निर्णय लिया है। एक सप्ताह के भीतर उसे रायपुर लाए जाने की संभावना है। विकास को भारत लाने के लिए छत्तीसगढ़ ACB-EOW की टीम भारत के विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय, CBI और प्रवर्तन निदेशालय (ED) के साथ मिलकर काम कर रही है।

जांच एजेंसियों (ED और EOW) के मुताबिक, विकास अग्रवाल शराब सिंडिकेट का ग्राउंड-लेवल फाइनेंशियल मैनेजर (मनी मैनेजर) था। उस पर डिस्टिलरी संचालकों और विदेशी शराब (FL-10A) लाइसेंसधारियों से अवैध कमीशन वसूलने और उस रकम को स्कैम के सिंडिकेट बॉसेज़ तक पहुंचाने का आरोप है। जांच में यह भी सामने आया है कि उसने कथित तौर पर वसूली के करीब 1,200 करोड़ रुपये हवाला के जरिए दुबई शिफ्ट किए थे और खुद परिवार सहित वहां फरार हो गया था।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button