महादेव एप वाले सौरभ पर सीएम का बड़ा बयान… अब उससे सीबीआई पूछताछ करेगी… हो सकता है कि कई लोग फंसें
महादेव ऑनलाइन सट्टा एप के मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर की सीबीआई रिमांड पर छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने मीडिया से कहा कि ऑनलाइन बैटिंग एप के मुख्य अभियुक्त सौरभ चंद्राकार को सीबीआई ने रिमांड पर ले लिया है। अब उससे सीबीआई पूछताछ करेगी। हो सकता है कि कई और लोग उसमें फंसें।
सीएम साय ने सौरभ चंद्राकर को भारत लाने के बाद से हो महादेव सट्टा एप मामले में आक्रमक रूख अपनाया हुआ है। उन्होंने मीडिया की ओर से पूछे जा रहे सवालों पर लगातार तीखी प्रतिक्रिया दी और इस गिरफ्तारी को केंद्रीय जांच एजेंसियों की बहुत बड़ी सफलता बताया है। उन्होंने कहा कि मुख्य आरोपी के पकड़े जाने से इस पूरे मामले में कई चौंकाने वाले खुलासे होंगे। सीएम साय ने कहा कि सीबीआई और अन्य केंद्रीय जांच एजेंसियों की पूछताछ में सट्टा घोटाले से जुड़े कई और रसूखदार लोगों के नाम सामने आ सकते हैं और कई लोग इस जांच में फंस सकते हैं। पूछताछ से यह भी पूरी तरह साफ हो जाएगा कि इस 6 हजार करोड़ रुपये के सट्टा नेटवर्क में किन-किन लोगों को प्रोटेक्शन मनी (संरक्षण राशि) जाती थी।



