छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ : शराब पीने के बाद पार्षद समेत दो मृत दो गंभीर… शराब जहरीली, या कुछ मिलाया, पुलिस जांच सभी मुद्दों पर

जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ में देशी शराब पीने के बाद दो लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। दो अन्य की हालत खराब होने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां से एक को गंभीर हालत में रायपुर रेफर कर दिया गया। मृतकों में नगर पंचायत पामगढ़ के वार्ड- 8 के बसपा  पार्षद रामखिलावन जांगड़े (55 वर्ष) और एक निजी क्लीनिक के संचालक जोहितराम खरे (52 वर्ष) शामिल हैं। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि शराब जहरीली थी या फिर जहर मिलाया गया। हालांकि इलाके में पैसों के पुराने लेनदेन को लेकर भी तरह-तरह की चर्चाए हैं। इसलिए पुलिस जांच में सभी एंगल रखे गए हैं।

मामला पामगढ़ नगर पंचायत का है। पुलिस के अनुसार शुक्रवार रात करीब 10 बजे चारों ने पामगढ़ के पुराने अस्पताल परिसर में बैठकर देसी शराब पी थी। शराब पीने के कुछ ही देर बाद दोनों जांगड़े और खरे की तबीयत बिगड़ने लगी। उन्हें सांस लेने में तकलीफ हुई और वे बेहोश हो गए। दोनों को पहले पामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बिलासपुर रेफर कर दिया। बिलासपुर के सिम्स (SIMS) अस्पताल में इलाज के दौरान पार्षद रामखिलावन जांगड़े की मौत हो गई, जबकि जोहितराम खरे ने अपोलो अस्पताल में दम तोड़ दिया उनके साथ शराब पीने वाले दो अन्य साथियों की तबीयत भी बिगड़ी थी, जिनका इलाज पामगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। इनमे से एक को रायपुर रेफर करने की सूचना है।

इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। आशंका जताई जा रही है कि शराब में कोई जहरीला पदार्थ मिला हुआ था या फिर जहरीली शराब होगी। हालांकि मौत की असली वजह की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और बिसरा जांच के बाद ही हो सकेगी। स्थानीय पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया है और मामले की सघन जांच शुरू कर दी है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button