काम की खबर : 18 साल वाले नए और छूटे वोटर्स का नाम जोड़ने का मौका… एक माह अभियान, 6 अक्टूबर से शुरू… BLO घर आएंगे, ऑनलाइन आवेदन भी
छत्तीसगढ़ में निर्वाचन आयोग ने ऐसे वोटर्स का नाम वोटर लिस्ट में जोड़ने का अभियान शुरू किया है, जो 18 साल या ऊपर वाले नए वोटर हैं, या फिर जिनका नाम किन्हीं कारणों से छूट गया था। यह अभियान 6 october से शुरू हुआ है और एक महीने तक चलेगा। नाम जोड़ने के लिए दो सिस्टम रहेंगे। पहला, बीएलओ आपके घर आएँगे या आसपास शिविर लगेगा। दूसरा, निर्वाचन आयोग के एप से सीधे फॉर्म-6 भरकर सबमिट कर सकते हैं।
छत्तीसगढ़ निर्वाचन आयोग की प्रेस रिलीज़ में बताया गया है कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य छूटे हुए पात्र नागरिकों के साथ-साथ ऐसे युवा एवं पहली बार पात्र बने मतदाताओं के नाम जोड़ने की प्रक्रिया को सुगम बनाना है, जिनके नाम अब तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं। यह मतदाता सूची को लगातार अपडेट करते रहने के टास्क के तहत किया जा रहा है। इस बारे में आपको घर आए बीएलओ को जानकारी देनी होगी। ध्यान रखें कि बीएलओ के नाम पर किसी फर्जी व्यक्ति को ऐसी जानकारी न दें।
इसके अलावा, मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने के लिए ECINET मोबाइल एप या वेबसाइट https://voters.eci.gov.in के माध्यम से फॉर्म-6 में ऑनलाईन आवेदन भी किया जा सकता है। एप ओपन करने के बाद ऑप्शंस में यह फॉर्म उपलब्ध है।



