हेल्पलाइन 1076 पर पहली कॉल आय प्रमाणपत्र के लिए रायपुर से… खुद सीएम साय ने बात की, जल्दी बन जाने का आश्वासन

छत्तीसगढ़ में मंगलवार, 9 जून को शुरू हुई सीएम हेल्पलाइन 1076 पर शुरुआती कॉल रायपुर से की गई। हेल्पलाइन सेंटर पहुंचे सीएम विष्णुदेव साय ने यह कॉल ख़ुद अटेंड की। यह कॉल रायपुर के पूनाराम ठाकरे ने और सीएम को बताया कि उन्होंने आय प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया था। इसी संबंध में शिकायत दर्ज कराने उन्होंने हेल्पलाइन में कॉल किया है। सीएम ने डिटेल लेने के बाद कॉल पर पूनाराम ठाकरे को आश्वस्त किया कि जल्द ही उनकी समस्या का निराकरण हो जाएगा।
सीएम साय ने आज ही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की कार्यप्रणाली, तकनीकी व्यवस्थाओं तथा शिकायतों के निराकरण तंत्र का अवलोकन किया। उनके साथ मंत्रियों रामविचार नेताम, दयाल दास बघेल, टंकराम वर्मा तथा गुरु खुशवंत साहेब के अलावा मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव सुबोध सिंह, सचिव पी. दयानंद, सचिव राहुल भगत और विशेष सचिव रजत बंसल सहित अन्य अधिकारी भी थे। सीएम साय ने हेल्पलाइन सेंटर में शिकायतों के पंजीयन, उनकी निगरानी एवं समाधान की प्रक्रिया का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से शिकायतों के त्वरित निराकरण, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि शासन की प्राथमिकता प्रत्येक नागरिक की समस्या का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। यह व्यवस्था केवल शिकायत निवारण तक सीमित नहीं है, बल्कि शासन और जनता के बीच संवाद को मजबूत बनाने का एक प्रभावी माध्यम है। इसके माध्यम से नागरिकों की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ सुनकर उनका समाधान सुनिश्चित किया जा सकेगा तथा प्रशासनिक जवाबदेही और पारदर्शिता को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सकेगा।



