आज की खबर

छत्तीसगढ़ के 11 जिलों में साय सरकार ने शुरू किए 29 सुरभि गौधाम… बिलासपुर में 184 एकड़ में 2500 गोवंश के लायक पहला अभयारण्य भी

गोधन संरक्षण की दिशा में छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार ने शनिवार को बडा कदम उठाया है। सीएम साय ने बिलासपुर से प्रदेश 11 जिलों में 29 गौधाम शुरू कर दिए हैं। इनमें हर जिले के बेसहारा और घुमंतु पशुओं को सुरक्षित आश्रय दिया जाएगा। महत्वाकांक्षी गौधाम प्रोजेक्ट की शुरुआत के साथ साय सरकार ने बिलासपुर में ही छत्तीसगढ़ के पहले गौ-अभयारण्य का शिलान्यास भी कर दिया है। यह करीब 184 एकड़ में होगा। इसे डेवलप करने के लिए सरकार ने 1 करोड़ 32 लाख रुपए मंजूर किए हैं। यहां एक साथ 2500 गोवंश का संरक्षण किया जा सकेगा। इस दौरान कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि साय सरकार राज्य के हर ब्लाक में चरणबद्ध ढंग से  10-10 गौधाम शुरू करने की तैयारी कर रही है।

सीएम साय ने बिलासपुर की गुरु घासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी में हुए एक समारोह में प्रदेशव्यापी गौधाम योजना का पहला चरण शुरू किया, जिसमें 29 गौधाम एक्टिव होंगे। बाद के चरणों में सभी जिलों में गौधाम स्थापित किए जाएंगे। सीएम ने कहा कि गौधामों में गोवंश के लिए चारा, पानी तथा देखभाल की व्यवस्था बनाई जाएगी। इससे स्थानीय लोगों को रोजगाार भी मिलेगा। सभी गौधाम सरकारी भूमि पर स्थापित होंगे और इन्हें सुरभि गौधाम के नाम से जाना जाएगा। इनमें पशुपालन, हरे चारे का उत्पादन तथा गोबर से उपयोगी उत्पाद बनाने का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि इस योजना से बेसहारा घुमंतु मवेशियों को न सिर्फ सुरक्षित ठिकाना मिलेगा, बल्कि सड़क हादसों में भी कमी आएगी। समारोह में छत्तीसगढ़ गौसेवा आयोग केअध्यक्ष विशेषर पटेल, विधायक अमर अग्रवाल, धरमलाल कौशिक, धरमजीत सिंह और सुशांत शुक्ला भी उपस्थित थे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button